जयपुर-सवाई माधोपुर रेलखंड पर मेगा ट्रैफिक ब्लॉक लेकर किए गए अनुरक्षण एवं विकास कार्य

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर-सवाई माधोपुर रेलखंड पर मेगा ट्रैफिक ब्लॉक लेकर किए गए अनुरक्षण एवं विकास कार्य


जयपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)।

सुरक्षित रेल संचालन के लिए रेल की पटरियों, पुलों, रेल संचालन से संबंधित संकेत एवं दूरसंचार उपकरणों, ओवर हेड बिजली के तारों इत्यादि के नियमित मरम्मत और रखरखाव का कार्य करना अति आवश्यक होता है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार रेल मार्गों के मरम्मत और रखरखाव का कार्य नियमित रेल संचालन को बाधित किये बिना अथवा न्यूनतम रूप से आंशिक प्रभावित करते हुए किया जाता है ताकि रेल यात्रियों को कोई असुविधा नहीं हो।

उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में जयपुर मंडल के जयपुर-सवाई माधोपुर रेलखंड पर 7 घंटे 30 मिनट की अवधि का मेगा ट्रैफिक ब्लॉक लेकर रेलवे के विभिन्न विभागों द्वारा अनुरक्षण,मरम्मत एवं आधारभूत संरचना से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण कार्य संपन्न किए गए। इस दौरान इंजीनियरिंग,सिग्नल एवं दूरसंचार तथा विद्युत कर्षण वितरण (टीआरडी) विभागों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए निर्धारित कार्यों के साथ-साथ शैडो वर्क्स भी पूरे किए। इन कार्यों का उद्देश्य रेल पटरियों,पुलों, सिग्नलिंग प्रणाली तथा ओवरहेड विद्युत उपकरणों की संरक्षा, विश्वसनीयता और कार्यक्षमता को बेहतर बनाना है।

इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख कार्य

ब्लॉक के दौरान क्षतिग्रस्त एवं जर्जर संरचनाओं के सुधार पर विशेष ध्यान दिया गया। ओआरएन-3 पुल पर 4.8 मीटर लंबाई में 1.5 × 2 मीटर आंतरिक आकार के आरसीसी बॉक्स बदले गए। इसके अतिरिक्त,सीकेबी-डीपीजेड रेलखंड में लघु पुल संख्या 16ए पर 8.4 मीटर लंबाई में 1 × 1.5 मीटर आकार के आरसीसी बॉक्स लगाकर पाइप पुल के पुनर्निर्माण का कार्य किया गया। निर्माण संगठन द्वारा समपार फाटक संख्या 08 के स्थान पर रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) के लिए 4.5 × 5 मीटर आंतरिक आकार के छह आरसीसी बॉक्स भी स्थापित किए गए।

साथ ही ट्रैक के अनुरक्षण के अंतर्गत ड्यूओमैटिक मशीन से लगभग 4 किलोमीटर ट्रैक की पेकिंग (टैम्पिंग),जयपुर यार्ड में एमपीटी मशीन से दो टर्नआउट,एक एसईजे तथा 240 मीटर सामान्य रेलपथ की पेकिंग (टैम्पिंग) का कार्य किया गया । इसके साथ ही 136 मीटर रेल बदलने व एक टीडब्ल्यूएस बदलने तथा पांच एसईजे में स्लीपर लगाने का कार्य किया गया।

इसके अतिरिक्त 92 फिश प्लेटेड जॉइंट्स का लुब्रिकेशन, 57 जॉग्ल्ड फिश प्लेटों की ऑयलिंग एवं ग्रीसिंग,पांच समपार फाटकों का ओवरहॉलिंग तथा पुल संख्या 77 पर फिटिंग बदलने एवं कसने का कार्य भी पूरा किया गया।

सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के कार्य

सिग्नलिंग प्रणाली की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए डीपीजेड यार्ड में 23 स्थानों पर सिग्नलिंग एवं दूरसंचार केबल शिफ्टिंग का कार्य किया गया। सिरस (एसआरएएस) रेलवे स्टेशन पर पॉइंट संख्या 119 की मशीन बदली गई तथा सिग्नल एवं एक्सल काउंटर की विद्युत आपूर्ति से संबंधित ईएलडी फॉल्ट दूर किया गया।

सिरस स्टेशन पर दोनों दिशाओं के स्टार्टर,अप एवं डाउन होम सिग्नल तथा डिस्टेंट सिग्नल सहित सभी मुख्य सिग्नलों की केबल के साथ ही आपातकालीन पैनल काउंटरों की जांच भी की गई। सांगानेर स्टेशन पर भी ईएलडी फॉल्ट दूर करने के साथ 12 सिग्नलिंग केबलों की जांच की गई।

दूरसंचार कार्यों के अंतर्गत ब्लॉक सेक्शन में 150 मीटर क्वाड केबल,150 मीटर एसएसपी क्वाड केबल तथा 150 मीटर 24-फाइबर केबल को शिफ्ट किया गया। इसके अतिरिक्त समपार फाटक के लिए 50 मीटर 10-पेयर केबल के बिछाई का कार्य किया गया ।

विद्युत कर्षण वितरण (टीआरडी) विभाग के कार्य

इंजीनियरिंग विभाग के पुल एवं एलएचएस संबंधी कार्यों के दौरान तीन स्थानों पर ओवरहेड विद्युत उपकरणों (ओएचई) के तारों को नीचे करने,शिफ्ट करने तथा पुनः स्थापित करने का कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त 390 इंसुलेटरों की सफाई,दो आइसोलेटरों का अनुरक्षण तथा दो इंसुलेटरों को बदलने का कार्य भी संपन्न किया गया।

जयपुर–सवाई माधोपुर रेलखंड पर एक ही मेगा ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा किए गए इन कार्यों से रेल अवसंरचना के अनुरक्षण,तकनीकी प्रणालियों की कार्यक्षमता तथा रेल परिचालन की संरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762612 Articles

Share this story