उत्तर पश्चिम रेलवे 9 से 17 अगस्त तक मनाएगा हर घर तिरंगा अभियान
जयपुर, 07 अगस्त (हि.स.)।
देशभर में आजादी के अमृतकाल के अंतर्गत आयोजित हर घर तिरंगा अभियान-2026 में उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार 9 से 17 अगस्त तक आयोजित हर घर तिरंगा अभियान-2026 उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों, कार्यशालाओं, स्टेशनों एवं रेलवे प्रतिष्ठानों में अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। अभियान के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, उत्पादन इकाइयों एवं अन्य महत्वपूर्ण परिसरों में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं महत्वपूर्ण भवनों को यथासंभव तिरंगा रंगों की आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। साथ ही प्रमुख स्टेशनों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की वाद्य धुन प्रसारित की जाएगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ यात्रियों एवं आम नागरिकों को अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा सेल्फी विद तिरंगा अभियान में भाग लेकर हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपनी सहभागिता दर्ज कराने के लिए प्रेरित करता है।
उत्तर पश्चिम रेलवे का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

