डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र शिविर में 72 पेंशनभोगियों को मिली सुविधा
जोधपुर, 17 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर कार्यशाला में मंगलवार को राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 5.0 के तहत पेंशनभोगियों के लिए विशेष मेगा कैंप आयोजित किया गया। बीटीसी हॉल में आयोजित शिविर में 72 पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार किए गए।
मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीणा के मार्गदर्शन तथा सहायक वित्त सलाहकार राशिद अर्शद कादरी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी राधेश्याम चितारा के नेतृत्व में आयोजित शिविर का उद्देश्य पेंशनभोगियों को डिजिटल सुविधाओं से जोडऩा और जीवन प्रमाण-पत्र जमा कराने की प्रक्रिया को आसान बनाना रहा।
इस अवसर पर सहायक वित्त सलाहकार राशिद अर्शद कादरी ने डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र के महत्व और फायदों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के माध्यम से पेंशनभोगी अपने स्मार्टफोन से घर बैठे ही जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं। इससे विशेषकर बुजुर्ग एवं अस्वस्थ पेंशनभोगियों को बैंक या कार्यालय जाने की परेशानी से राहत मिलती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

