जयपुर में जुटेंगे 10 से अधिक देशों के नर्सिंग विशेषज्ञ: एआई-रोबोटिक्स बदलेंगे हेल्थकेयर का भविष्य

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में जुटेंगे 10 से अधिक देशों के नर्सिंग विशेषज्ञ: एआई-रोबोटिक्स बदलेंगे हेल्थकेयर का भविष्य


जयपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। नर्सिंग शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से 5 और 6 सितंबर को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) जयपुर में ग्लोबल नर्सिंग समिट-2026 आयोजित होगा। आरएच हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड की ओर से एनटीएआई-राजस्थान के सहयोग से होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में 10 से अधिक देशों के प्रतिनिधि और विशेषज्ञ शामिल होंगे। आयोजकों ने 1500 से अधिक फिजिकल तथा 5000 से अधिक लाइव/ऑनलाइन प्रतिभागियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है।

समिट चेयरपर्सन डॉ. राहुल शर्मा, प्रोग्राम सेक्रेटरी पुरुषोत्तम कुंभज, संयोजक महेश शर्मा और कोषाध्यक्ष डॉ. विष्णु सोनी ने जानकारी दी कि हेल्थकेयर तेजी से टेक्नोलॉजी आधारित हो रहा है। ऐसे में नर्सिंग क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, वर्चुअल रियलिटी (वीआर), एडवांस्ड क्लिनिकल सिमुलेशन, इनोवेशन और लीडरशिप जैसी तकनीकों का ज्ञान जरूरी है। उन्होंने कहा कि एआई और रोबोटिक्स नर्स का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी क्लिनिकल स्किल, निर्णय क्षमता और मरीजों की देखभाल को मजबूत करने वाले साधन हैं।

समिट में तकनीक को केवल प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। प्रतिभागियों को ह्यूमनॉइड रोबोट, रोबोट डॉग, वीआर, होलोग्राफिक डिस्प्ले, एआई और एडवांस्ड हेल्थकेयर सिमुलेशन का लाइव अनुभव कराया जाएगा। वीआर और सिमुलेशन के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों, क्लिनिकल स्थितियों और विभिन्न नर्सिंग कौशल की ट्रेनिंग को अधिक प्रभावी बनाने के तरीके प्रदर्शित किए जाएंगे। समिट में 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाली नर्स अंजलि कुलथे से मिलने और उनके अनुभव सुनने का अवसर भी मिलेगा। इसके अलावा नर्सिंग एवं हेल्थकेयर क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए पद्मश्री से सम्मानित शांति टेरेसा लकड़ा की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

इसके अलावा समिट में 10 से अधिक देशों के इंटरनेशनल डेलीगेट्स और विशेषज्ञ शामिल होंगे। इससे भारतीय नर्सिंग प्रोफेशनल्स, शिक्षकों और विद्यार्थियों को ग्लोबल नर्सिंग प्रैक्टिस, रिसर्च, टेक्नोलॉजी, लीडरशिप और इंटरनेशनल नेटवर्किंग का अवसर मिलेगा।

समिट में भाग लेने वाले पात्र नर्सिंग प्रोफेशनल्स को राजस्थान नर्सिंग काउंसिल की ओर से 10 क्रेडिट पॉइंट दिए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम कंटीन्यूइंग नर्सिंग एजुकेशन और प्रोफेशनल डेवलपमेंट की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहेगा।

5 सितंबर को पेपर और पोस्टर प्रेजेंटेशन, ग्रुप डिस्कशन तथा पैनल डिस्कशन सहित विभिन्न अकादमिक एवं वैज्ञानिक गतिविधियां होंगी। 6 सितंबर को मुख्य ग्लोबल कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी। इसमें एआई इन नर्सिंग, हेल्थकेयर में रोबोटिक्स, वर्चुअल रियलिटी, इनोवेशन, लीडरशिप और सिमुलेशन आधारित नर्सिंग एजुकेशन जैसे विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। समिट में एग्जीबिशन, मेडिकल क्विज, सिमुलेशन एक्टिविटीज, नेशनल लेवल अवॉर्ड्स एवं रिकग्निशन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

प्रोग्राम सेक्रेटरी पुरुषोत्तम कुंभज ने कहा कि नर्स किसी भी हेल्थकेयर सिस्टम की रीढ़ है। समिट का उद्देश्य नर्सिंग प्रोफेशनल्स, शिक्षकों और विद्यार्थियों को ऐसा मंच देना है, जहां उनकी प्रतिभा और आवाज को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान मिले। संयोजक महेश शर्मा ने बताया कि देशभर के नर्सिंग संस्थानों, फैकल्टी, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को अकादमिक गतिविधियों से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।

कोषाध्यक्ष डॉ. विष्णु सोनी ने बताया कि देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों की सुविधा के लिए आयोजन समिति व्यापक व्यवस्थाएं कर रही है। आयोजकों ने नर्सिंग प्रोफेशनल्स, प्रिंसिपल्स, शिक्षकों, फैकल्टी, नर्सेस, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story