नर्सेज एसोसिएशन का विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
नर्सेज एसोसिएशन का विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन


जोधपुर, 22 सितम्बर (हि.स.)। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जोधपुर के नेतृत्व में नर्सिंग अधिकारियों ने लंबे समय से लंबित विभिन्न मांगों को लेकर अधीक्षक कार्यालय के समक्ष धरना देकर विरोध दर्ज कराया। संगठन का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर लंबे समय से संयमपूर्वक प्रशासन को अवगत कराया जा रहा था, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने के कारण नर्सिंग अधिकारियों में रोष बढ़ रहा था।

राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जोधपुर के अध्यक्ष जगदीश जाट के नेतृत्व में नर्सिंग अधिकारी धरने पर बैठे और विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी की। प्रमुख मांगों में केयर टेकर के कार्य एवं जिम्मेदारियों में स्पष्टता, संगठन के कार्यालय का आवंटन, सफाई कर्मचारियों, हेल्पर, गार्ड एवं स्वीपर कर्मचारियों की उपलब्धता, उनकी उपस्थिति में पारदर्शिता एवं वेरिफिकेशन तथा पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य मांगें शामिल थीं।

धरने के दौरान प्रशासन की ओर से संगठन के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया गया। वार्ता के बाद कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर लिखित सहमति बनी। लिखित सहमति के अनुसा केयर टेकर को उसके मूल कार्य के लिए नर्सिंग अधीक्षक के अधीन लगाया जाएगा। साथ ही राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के लिए कार्यालय आवंटन, सफाई कर्मचारी, हेल्पर एवं अन्य संबंधित कार्मिकों की उपस्थिति वार्ड प्रभारी से प्राप्त करने के बाद ही बिल तैयार करने, अस्पताल परिसर की पार्किंग व्यवस्था में टीन शेड लगाने और स्टाफ के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था किए जाने पर सहमति बनी।

इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष विजेंद्र सिंह मेड़तिया, संरक्षक रामेश्वर टाक, महासचिव बसंत रॉयल, उम्मेद अस्पताल संयोजक महेंद्र ढींढ़ा सहित संगठन के पदाधिकारी एवं अस्पताल के बड़ी संख्या में नर्सिंग अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story