उत्तम चौधरी बने एनएसयूआई राजस्थान के एडहॉक प्रदेश अध्यक्ष
जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस ने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के संगठनात्मक ढांचे में बदलाव करते हुए राजस्थान में उत्तम चौधरी को एडहॉक प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने नियुक्तियों के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार शाम नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किए। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जारी सूची के अनुसार राजस्थान के अलावा आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, नागालैंड, पंजाब और तमिलनाडु की प्रदेश इकाइयों के लिए भी एडहॉक अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), उत्तर प्रदेश सेंट्रल और उत्तर प्रदेश वेस्ट इकाइयों में भी नई नियुक्तियां की गई हैं।
उत्तम चौधरी राजस्थान की छात्र राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं। वे एनएसयूआई में राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारी निभा चुके हैं और राष्ट्रीय समन्वयक भी रह चुके हैं। राजस्थान विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2019-20 में उन्होंने अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। राष्ट्रीय संगठन में काम करने के अनुभव और छात्र राजनीति में सक्रियता को देखते हुए उन्हें राजस्थान इकाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उत्तम चौधरी को सचिन पायलट गुट का माना जाता है। इन नियुक्तियों के माध्यम से कांग्रेस ने एनएसयूआई की संबंधित राज्य और इकाई स्तर की कमान नए पदाधिकारियों को सौंपी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

