छात्र हितों की मांगों को लेकर एनएसयूआई का जेएनवीयू में उग्र प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
छात्र हितों की मांगों को लेकर एनएसयूआई का जेएनवीयू में उग्र प्रदर्शन


जोधपुर, 25 मई (हि.स.)। जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय (जेएनवीयू) में सोमवार को एनएसयूआई के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने अपनी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र और छात्र नेता विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर एकत्रित हुए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मुख्य द्वार पर प्रदर्शन के बाद आक्रोशित छात्र रैली के रूप में केंद्रीय कार्यालय पहुंचे, जिससे परिसर में काफी देर तक गहमा-गहमी का माहौल बना रहा।

एनएसयूआई प्रतिनिधियों ने कुलगुरु को ज्ञापन सौंपते हुए हाल ही में घोषित हुए बीएससी प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों पर गंभीर सवाल उठाए। छात्र नेताओं का आरोप है कि इस बार मूल्यांकन में बड़ी गड़बड़ी हुई है, जिसके कारण कई मेधावी छात्रों को उम्मीद से बेहद कम अंक मिले हैं और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया है।

संगठन ने इन परीक्षा परिणामों की निष्पक्ष और दोबारा जांच कराने की पुरजोर मांग की है। परीक्षा परिणाम के अलावा ज्ञापन में विश्वविद्यालय की कई अन्य बुनियादी समस्याओं को भी रेखांकित किया गया है। छात्र नेताओं ने पिछले तीन वर्षों से लंबित पड़ी पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया को अविलंब शुरू करने, विभिन्न संकायों में पीने के साफ पानी की व्यवस्था करने और केंद्रीय पुस्तकालय को आधुनिक डिजिटल सुविधाओं से लैस करने की मांग की।

इसके साथ ही विद्यार्थियों की सहूलियत और सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में कैंटीन व ई-मित्र सुविधा शुरू करने, जर्जर शौचालयों की स्थिति सुधारने, बंद पड़ी वाई-फाई सेवा को बहाल करने, पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने और पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए।

छात्र संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर जल्द सकारात्मक रुख नहीं अपनाया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष बबलू सोलंकी, विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष झुंझार सिंह चौधरी, ऋषि गहलोत, अजय रॉयल, राकेश खोजा सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story