टंकी से उतरे एनएसयूआई कार्यकर्ता: सरकार से वार्ता में बनी तीन बिंदुओं पर सहमति

WhatsApp Channel Join Now
टंकी से उतरे एनएसयूआई कार्यकर्ता: सरकार से वार्ता में बनी तीन बिंदुओं पर सहमति


जयपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से पानी की टंकी पर चढ़े तीन एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का आंदोलन शुक्रवार रात सरकार से हुई वार्ता के बाद समाप्त हो गया। दोनों पक्षों के बीच तीन प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद आंदोलनकारी छात्र टंकी से नीचे उतर आए।

सहमति के अनुसार 10 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग रखेगा। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी मुलाकात कराई जाएगी। साथ ही टंकी पर चढ़कर आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ किसी भी प्रकार का मुकदमा दर्ज नहीं करने पर भी सहमति बनी है।

एनएसयूआई के अनुसार, सहमति बनने के बाद रात करीब 9:50 बजे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और अन्य विधायक मौके पर पहुंचे तथा आंदोलनकारी छात्रों को सुरक्षित टंकी से नीचे उतारा।

एनएसयूआई ने इसे छात्रसंघ चुनाव बहाली की दिशा में सकारात्मक पहल बताते हुए सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग दोहराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story