नृत्यम फाउंडेशन की अनूठी पहल:खंडित प्रतिमाओं का अब होगा सम्मानजनक विसर्जन
जयपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। धार्मिक आस्था से जुड़ी खंडित देवी-देवताओं की प्रतिमाओं और पूजन सामग्री के सम्मानजनक निस्तारण के उद्देश्य से नृत्यम फाउंडेशन ने वार्ड 87 में अनूठी पहल शुरू की है। इस अभियान का शुभारंभ वेदविला कॉलोनी स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर से किया गया। इसके तहत मंदिर परिसर में विशेष संग्रहण बॉक्स रखा गया है, जिसमें लोग खंडित प्रतिमाएं और पूजन सामग्री रख सकेंगे। ताकि उनका विधिवत और सम्मानजनक विसर्जन किया जा सके।
फाउंडेशन की काजल सैनी ने बताया कि सनातन धर्म में देवी-देवताओं के विग्रहों का विशेष महत्व है। इसके बावजूद कई बार प्रतिमाएं खंडित होने या पूजन सामग्री उपयोग के बाद लोग उन्हें पीपल के पेड़ के नीचे अथवा अन्य स्थानों पर खुले में छोड़ देते हैं। इससे धार्मिक आस्था और देवी-देवताओं के विग्रहों के सम्मान को ठेस पहुंचती है। इसी समस्या के समाधान के लिए फाउंडेशन ने व्यवस्थित संग्रहण और विसर्जन की यह पहल की है।
इस अभियान का शुभारंभ वार्ड 87 की पार्षद प्रतिभा शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मुहिम में अधिक से अधिक लोगों को सहभागी बनना चाहिए, जिससे देवी-देवताओं के विग्रहों को उचित सम्मान मिल सके और उन्हें इधर-उधर डालने की प्रवृत्ति पर रोक लगे।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिभा शर्मा ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर वार्ड की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की तथा उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में फाउंडेशन के सदस्य संतोष सैनी, मनीषा यादव, अनीता सैनी और मनीषा सैनी उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

