निर्वाचन ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर प्रधानाचार्य को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
निर्वाचन ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर प्रधानाचार्य को नोटिस


संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई

जोधपुर, 13 नवम्बर (हि.स.)। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के निर्वाचन कार्य में नियुक्ति के बावजूद ड्यूटी से अनुपस्थित रहने तथा निर्वाचन संबंधी आदेश की पालना नहीं करने पर जिला परिषद के प्रभारी अधिकारी (कार्मिक प्रकोष्ठ) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) जालोरी गेट के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जारी नोटिस के अनुसार राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 23(2) सहपठित नियम 31 के तहत प्रवीण कुमार को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया था। उन्हें 13 नवम्बर को सुबह 11 बजे सूचना केन्द्र के ऑडिटोरियम में आयोजित निर्वाचन प्रशिक्षण में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि संबंधित प्रधानाचार्य द्वारा निर्वाचन संबंधी आदेश की तामील करने से इनकार किया गया। साथ ही, व्हाट्सएप एवं दूरभाष के माध्यम से सूचना दिए जाने के बावजूद वे बिना किसी पूर्व अनुमति अथवा सूचना के प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे। इसे निर्वाचन दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही एवं आदेशों की अवहेलना मानते हुए प्रशासन ने उनके विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की है। राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 119-ग के तहत उक्त कृत्य निर्वाचन अपराध की श्रेणी में आने के संबंध में नोटिस में उल्लेख किया गया है।

संबंधित प्रधानाचार्य को नोटिस प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर स्वयं उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में संतोषजनक एवं युक्तियुक्त जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776417 Articles

Share this story