उत्तर पश्चिम रेलवे : सीमावर्ती क्षेत्रों में दो नई लाइनों का सर्वे तेज

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर पश्चिम रेलवे : सीमावर्ती क्षेत्रों में दो नई लाइनों का सर्वे तेज


जोधपुर, 18 मार्च (हि.स.)। रेलवे ने पश्चिमी राजस्थान के सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्रों में रेल नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से भारत-पाकिस्तान सीमा के समानांतर नई रेल लाइनों के विकास का निर्णय लिया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और विभिन्न प्रस्तावित रेल मार्गों पर सर्वे सहित अन्य प्रारंभिक कार्य प्रगति पर हैं।

इस संबंध में अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में अनूपगढ़-खाजूवाला-जैसलमेर तथा जैसलमेर-बाड़मेर-भीलड़ी वाया बाड़मेर नई रेल लाइनों के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएलएस) का कार्य जारी है।

उन्होंने कहा कि ये प्रस्तावित रेल लाइनें भारत-पाकिस्तान सीमा के समानांतर विकसित की जा रही हैं जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा। रेल मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से सेना की त्वरित आवाजाही और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार आएगा। इसके साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलेगी। इसके साथ ही परियोजनाओं के माध्यम से विशेष रूप से जैसलमेर और बाड़मेर जैसे क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसर बढऩे की संभावना है।

उन्होंने बताया कि फिलहाल फाइनल लोकेशन सर्वे का कार्य प्रगति पर है और इसके पूर्ण होने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। भारतीय रेल द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में इस प्रकार की परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story