उत्तर पश्चिम रेलवे के नवीनीकृत नियंत्रण कार्यालय का शुभारम्भ

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर पश्चिम रेलवे के नवीनीकृत नियंत्रण कार्यालय का शुभारम्भ


जयपुर, 29 जून (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे ने परिचालन क्षमता और रेल संचालन की दक्षता को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सोमवार को प्रधान कार्यालय में नवीनीकृत नियंत्रण कार्यालय का शुभारम्भ किया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा बुनियादी ढांचे और परिचालन दक्षता के आधुनिकीकरण के तहत इस नियंत्रण कार्यालय को उन्नत तकनीकी सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। आधुनिक संचार प्रणालियों, उन्नत मॉनिटरिंग स्क्रीन तथा बेहतर कार्य परिवेश से युक्त यह नियंत्रण कार्यालय रेलगाड़ियों की वास्तविक समय में निगरानी और संचालन को अधिक प्रभावी बनाएगा। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में प्राप्त आंकड़ों के आधार पर त्वरित निर्णय लेने की क्षमता में भी सुधार होगा, जिससे रेल परिचालन की विश्वसनीयता और दक्षता बढ़ेगी।

इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने नवनिर्मित नियंत्रण कार्यालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का अवलोकन किया। शुभारम्भ समारोह में उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी, जयपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक शिवेंद्र मोहन, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक मदन राम देवड़ा, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक सीमा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story