माता करणी के ओरण परिक्रमा के दृष्टिगत डीआरएम ने किया देशनोक रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
माता करणी के ओरण परिक्रमा के दृष्टिगत डीआरएम ने किया देशनोक रेलवे स्टेशन का निरीक्षण


जोधपुर, 23 नवम्बर (हि.स.)। आगामी 24 नवंबर तक देशनोक में आयोजित होने वाली प्रसिद्ध धार्मिक परंपरा माता करणी के ओरण परिक्रमा के दृष्टिगत मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने आज देशनोक रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक, बीकानेर गौरव गोविल भी उनके साथ उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक त्रिपाठी ने स्टेशन पर आरक्षण एवं टिकट बुकिंग काउंटर, पैनल रूम, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्रियों के बैठने के लिए उपलब्ध स्थान तथा अन्य यात्री सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्रियों के आवागमन, भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक ने निर्देश दिए कि ओरण परिक्रमा के दौरान देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही यात्रियों के बैठने एवं आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध रखने तथा सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने बताया कि देशनोक रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में और अधिक विस्तार करने के उद्देश्य से विकास एवं उन्नयन कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे। इन कार्यों से स्टेशन पर आने वाले यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story