अस्पताल की ओपीडी पर्ची के लिए नहीं लगानी होगी कतार: मोबाइल से होगा रजिस्ट्रेशन

WhatsApp Channel Join Now
अस्पताल की ओपीडी पर्ची के लिए नहीं लगानी होगी कतार: मोबाइल से होगा रजिस्ट्रेशन


जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। सरकारी अस्पतालों में ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए मरीजों और परिजनों को लंबी कतारों से राहत देने के लिए आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम ) के तहत ऑनलाइन ओपीडी पंजीयन और डिजिटल टोकन की सुविधा का विस्तार किया जा रहा है। जयपुर प्रथम और द्वितीय के राजकीय जिला एवं उप जिला अस्पताल, सेटेलाइट अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रमुख स्थानों पर एबीडीएम क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं।

सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत और जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि मरीज या उनके परिजन मोबाइल से अस्पताल परिसर में लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर आवश्यक जानकारी दर्ज करने के बाद ऑनलाइन ओपीडी पंजीयन कर सकेंगे। पंजीयन पूरा होने पर डिजिटल टोकन मिलेगा, जिससे चिकित्सक से परामर्श की प्रक्रिया अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी। अस्पतालों में ‘कतारों से बचें’ जैसे संदेश वाले पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार एबीडीएम के माध्यम से प्रत्येक नागरिक की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी तैयार करने में भी मदद मिलती है। यह 14 अंकों की विशिष्ट हेल्थ आईडी है, जिसके जरिए स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित और व्यवस्थित रखा जा सकता है। भविष्य में जरूरत पड़ने पर मरीज का उपलब्ध डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड आसानी से देखा और उपयोग किया जा सकेगा।

इस पहल का उद्देश्य अस्पतालों में अनावश्यक भीड़ और कतार कम करने के साथ मरीजों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अस्पतालों में उपलब्ध एबीडीएम क्यूआर कोड का उपयोग कर ऑनलाइन पंजीयन और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को अपनाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story