नितिन नबीन ने मोबाइल से किया कार्यकर्ताओं से संवाद

WhatsApp Channel Join Now
नितिन नबीन ने मोबाइल से किया कार्यकर्ताओं से संवाद


जयपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को दौसा में आयोजित पार्टी की जिला बैठक में मोबाइल के माध्यम से कार्यकर्ताओं से संवाद किया। भाजपा के प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया बैठक को संबोधित कर रहे थे, इसी दौरान नबीन का फोन आने पर उन्होंने बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं से मोबाइल के जरिए संवाद कराया।

नबीन ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को होने वाली संकल्प सभा और सेवा ज्योति कार्यक्रम में कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान में कार्यकर्ताओं की सक्रियता की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन भी किया।

भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विभिन्न सेवा कार्यक्रमों और गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। अभियान की अवधि और विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा की पुष्टि राजस्थान सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर भी की गई है।

इस अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा’, ‘अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत स्कूली स्तर पर विकसित भारत और 25 वर्ष की सेवा के विषय पर चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘अनकही कहानियां’ के माध्यम से गांव-गांव नुक्कड़ नाटकों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे हुए बदलाव की जानकारी दी जाएगी।

‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों का सम्मान किया जाएगा। ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलाव की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी, जबकि ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम के जरिए विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत सामाजिक बदलाव के लिए सेवा कार्य किए जाएंगे। ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ में रंगोली, लोककला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, नवाचारकर्ताओं और स्टार्टअप से जुड़े लोगों की प्रतिभा को जनसेवा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान के अंतिम चरण में ‘सुशासन सेवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भाजपा की ओर से राजस्थान में इस अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और सेवा यात्रा से जोड़कर विभिन्न जनसंपर्क एवं सेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story