बीकानेर में कांग्रेस की बागी प्रत्याशी हारीं, विधायक की पुत्रवधू निकिता डूडी बनीं जिला प्रमुख

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर में कांग्रेस की बागी प्रत्याशी हारीं, विधायक की पुत्रवधू निकिता डूडी बनीं जिला प्रमुख


बीकानेर, 25 नवंबर (हि.स.)। जिला प्रमुख चुनाव में आखिरकार कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी नाेखा विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी ने जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने कांग्रेस की बागी प्रत्याशी सरिता चौहान को 5 वोटों से हराकर बीकानेर जिला परिषद की नई जिला प्रमुख बनने का रास्ता साफ कर लिया। मतदान में निकिता डूडी को 23 वोट मिले, जबकि सरिता चौहान के पक्ष में 18 वोट पड़े।

प्रभारी श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदाैरा, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिश्नाराम सियाग, शिवलाल गाेदारा सहित अनेकजनाें ने प्रसन्नता जतायी है। निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन ने निकिता डूडी काे प्रमाण पत्र साैंपा।

उल्लेखनीय है कि चुनाव से पहले जिला प्रमुख पद को लेकर बीकानेर की राजनीति में काफी उठापटक देखने को मिली। भाजपा प्रत्याशी धापू कंवर के नामांकन वापस लेने के बाद मुकाबला कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी निकिता डूडी और कांग्रेस की बागी प्रत्याशी सरिता चौहान के बीच रह गया था।

निकिता डूडी को कांग्रेस ने जिला प्रमुख पद के लिए अधिकृत प्रत्याशी बनाया था। वह नोखा विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू हैं। वहीं सरिता चौहान पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की पुत्री हैं। टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया था।

मतदान के नतीजों ने साफ कर दिया कि कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी निकिता डूडी को बहुमत का समर्थन मिला। राजनीतिक उठापटक और क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं के बीच उन्होंने 5 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।

निकिता डूडी की जीत के साथ ही बीकानेर जिला परिषद को नया जिला प्रमुख मिल गया है। अब जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों, पंचायतों से जुड़े मुद्दों और जिला परिषद की योजनाओं को लेकर उनकी भूमिका अहम रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782905 Articles

Share this story