निफ्ट के युवा डिजाइनरों ने रैंप पर उतारे खुद के तैयार किए कलेक्शन

WhatsApp Channel Join Now
निफ्ट के युवा डिजाइनरों ने रैंप पर उतारे खुद के तैयार किए कलेक्शन


जोधपुर, 28 नवम्बर (हि.स.)। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) जोधपुर के फैशन डिजाइन विभाग की ओर से वार्षिक फैशन शोकेस सारांश-2026 का आयोजन किया गया। इसमें अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने अपने शोध, प्रयोग और तकनीकी हुनर को परिधानों के जरिए रैंप पर पेश किया। इसमें करीब 80 युवा डिजाइनरों ने रैंप पर अपने से तैयार करके 17 कलेक्शन शोकेस किये।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि फैशन डिजाइनर और अनुराग गुप्ता लेबल के संस्थापक अनुराग गुप्ता रहे। इस मौके पर संस्थान के निदेशक डॉ. जी.एच.एस. प्रसाद ने कहा कि सारांश-26 उभरते डिजाइनरों की नई सोच और मेहनत का नतीजा है। यह आयोजन भारतीय शिल्प और संस्कृति को सहेजते हुए फैशन व वस्त्र उद्योग में नई दिशा देने वाले डिजाइनर तैयार करने की निफ्ट की प्रतिबद्धता को दिखाता है। फैशन डिजाइन विभाग की समन्वय डॉ रूचि खोलिया ने बताया कि क्राफ्ट रिसर्च एंड डॉक्यूमेंटेशन तथा क्राफ्ट-बेस्ड प्रोडक्ट डेवलपमेंट की शैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने पारंपरिक कारीगरों के साथ मिलकर स्वदेशी शिल्प तकनीकों, सामग्री संबंधी ज्ञान एवं क्षेत्रीय शिल्पकलाओं के सांस्कृतिक महत्व को समझा है।

इस श्रेणी में कोटा डोरिया बुनाई, सांगानेरी ब्लॉक प्रिंटिंग एवं गोटा पट्टी कार्य जैसी पारंपरिक शिल्पकलाओं के पुनर्पाठ एवं मूल्य संवर्धन को प्रदर्शित किया गया। निफ्ट जोधपुर के फैशन डिजाइन विभाग के अंतिम वर्ष और इंटीग्रेटेड डिजाइन प्रोग्राम के विद्यार्थियों का यह शोकेस चार वर्गों में किया गया। इसमें एथनिक वियर, इंडो-वेस्टर्न वियर, वियरेबल आर्ट और क्राफ्ट-बेस्ड प्रोडक्ट डेवलपमें जैसी कलाओं को नए रूप में उतारा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story