एनआईए के सर्टिफिकेट कोर्स ने खोले रोजगार के नए द्वार

WhatsApp Channel Join Now
एनआईए के सर्टिफिकेट कोर्स ने खोले रोजगार के नए द्वार


जयपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), जयपुर के आयुर्वेद आहार एवं पोषण विभाग की ओर से आयोजित दो सप्ताह के ‘बेसिक्स ऑफ आयुर्वेद न्यूट्रिशन’ सर्टिफिकेट कोर्स का बुधवार को समापन हुआ। पाठ्यक्रम में आयुर्वेदिक पोषण के शास्त्रीय सिद्धांतों के साथ आधुनिक जीवनशैली में उनके व्यावहारिक उपयोग और आयुर्वेद आधारित खाद्य क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं पर विशेष जोर दिया गया।

राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने कहा कि आयुर्वेदिक आहार केवल स्वास्थ्य संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आधुनिक पोषण विज्ञान, नवाचार और उद्यमिता से जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने का माध्यम भी बन सकता है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्तुत करना समय की आवश्यकता है। संस्थान की ओर से समय-समय पर आयुर्वेदिक आहार के साथ स्वास्थ्य, ब्यूटी केयर और प्रिवेंटिव केयर जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भी सर्टिफिकेट कोर्स आयोजित किए जाते हैं।

पाठ्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अग्नि, दोष, धातु, पथ्य-अपथ्य और स्वस्थ आहार से जुड़े आयुर्वेद के शास्त्रीय सिद्धांतों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बदलती जीवनशैली में आयुर्वेदिक आहार के उपयोग और आहार नियोजन के व्यावहारिक पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।

प्रतिभागियों को आयुर्वेदिक डाइट कंसल्टेंसी, चिकित्सकीय आहार नियोजन, स्वास्थ्यवर्धक खाद्य उत्पाद तैयार करने, पोषण शिक्षा और वेलनेस आधारित फूड सर्विस जैसे क्षेत्रों में करियर और उद्यमिता की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story