राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर और उदयपुर आयुर्वेद महाविद्यालय के बीच एमओयू

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर और उदयपुर आयुर्वेद महाविद्यालय के बीच एमओयू


जयपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। आयुर्वेद शिक्षा, अनुसंधान और औषधि गुणवत्ता परीक्षण को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, जयपुर और मदन मोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, उदयपुर के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते से दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग, संयुक्त अनुसंधान, चिकित्सकीय प्रशिक्षण और औषधियों के वैज्ञानिक परीक्षण के नए अवसर विकसित होंगे।

राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में आयोजित छह दिवसीय सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम के समापन समारोह के दौरान कुलपति प्रो. संजीव शर्मा की उपस्थिति में एमओयू का आदान-प्रदान किया गया। इस पर राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की कुलसचिव प्रो. अनिता शर्मा और उदयपुर आयुर्वेद महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार शर्मा ने हस्ताक्षर किए।

कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने कहा कि आयुर्वेद के विकास के लिए शिक्षा, अनुसंधान और व्यावहारिक चिकित्सा के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में पंचकर्म, फार्मेसी, औषधि परीक्षण प्रयोगशाला और विभिन्न विभागीय प्रयोगशालाओं सहित उच्च गुणवत्ता वाले संसाधन उपलब्ध हैं। दोनों संस्थानों के बीच यह सहयोग इन संसाधनों और विशेषज्ञता के साझा उपयोग से आयुर्वेद के अनुसंधान एवं शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा देगा।

एमओयू के तहत संयुक्त अनुसंधान परियोजनाएं, कार्यशालाएं, सेमिनार, विशेषज्ञ व्याख्यान तथा शिक्षकों और विद्यार्थियों के अकादमिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित किया जाएगा। औषधि अनुसंधान, ड्रग टेस्टिंग, पाठ्यक्रम विकास और चिकित्सकीय प्रशिक्षण के क्षेत्रों में भी सहयोग किया जाएगा।

इस पहल के तहत इसी माह के अंत तक उदयपुर आयुर्वेद महाविद्यालय के शोधकर्ताओं और पीजी विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के विशेषज्ञों द्वारा विशेष कार्यशाला आयोजित करने का प्रस्ताव है। इसमें शोध पद्धति, औषधि परीक्षण और शोध कार्यों की गुणवत्ता से संबंधित तकनीकी जानकारी दी जाएगी। साथ ही, शोध में इस्तेमाल की जाने वाली परीक्षणाधीन औषधियों का परीक्षण राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की प्रयोगशाला में करवाने की सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी। इससे शोध की वैज्ञानिक गुणवत्ता, विश्वसनीयता और प्रमाणिकता मजबूत करने में मदद मिलेगी।

उदयपुर आयुर्वेद महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के साथ जुड़ना महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। दोनों संस्थानों के बीच संसाधनों और अनुभवों का आदान-प्रदान विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।

इस अवसर पर एमओयू प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. डॉ. किशोरी लाल शर्मा, आहरण एवं वितरण अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम दास शर्मा, कायचिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. एच एम एल मीना, रोग एवं विकृति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. पवन कुमार गोदतवार और प्रो. अनुपम श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764025 Articles

Share this story