नवजात शिशु को गंभीर टिटनेस से मिली निजात

WhatsApp Channel Join Now
नवजात शिशु को गंभीर टिटनेस से मिली निजात


जोधपुर, 12 सितम्बर (हि.स.)। मथुरादास माथुर अस्पताल की जनाना विंग स्थित नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई की चिकित्सकीय टीम ने गंभीर टिटेनस से जूझ रहे करीब डेढ़ माह के शिशु का सफल उपचार कर उसे नया जीवन दिया। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. बीएस जोधा के मार्गदर्शन में चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की निरंतर निगरानी एवं उपचार से शिशु पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा गया।

जानकारी के अनुसार कौशल्या देवी के शिशु का जन्म के समय वजन 2.4 किलोग्राम था। घर पर प्रसव के दौरान अस्वच्छ ब्लेड से नाल काटे जाने के कारण शिशु गंभीर टिटेनस संक्रमण की चपेट में आ गया। जन्म के सातवें दिन उसकी हालत बिगड़ गई। शिशु को गंभीर ऐंठन, जबड़े में जकडऩ और सांस लेने में परेशानी के बाद एमडीएम अस्पताल की जनाना विंग स्थित नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया।

शिशु रोग विभाग की इकाई छह के प्रमुख डॉ. हरीश मौर्य, सहायक प्रोफेसर डॉ. विकास आर्य एवं नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई की प्रभारी सीमा पूरी के मार्गदर्शन में डॉ. हर्षित, डॉ. करण, डॉ. वेदांत, डॉ. रिया एवं डॉ. सोनल ने उपचार शुरू किया। शिशु को करीब 15 दिन तक सी-पैप मशीन के माध्यम से श्वसन सहायता दी गई। इसके बाद धीरे-धीरे ऑक्सीजन सहायता कम की गई और करीब एक माह के उपचार के बाद उसे पूरी तरह हटाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story