जोधपुर को मिली स्वच्छता और आधुनिक परिवहन की नई सौगात

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर को मिली स्वच्छता और आधुनिक परिवहन की नई सौगात


नए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों को दिखाई झंडी, मंडोर से सांगारिया फांटा तक शुरू हुई पीएम ई-बस सेवा

जोधपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में नगर निगम ने सोमवार को नई पहल की। नगर निगम की ओर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण अभियान के तहत नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही पीएम ई-बस सेवा के तहत मंडोर से सांगरिया फाटा तक नए मार्ग पर इलेक्ट्रिक लो फ्लोर बसों का संचालन भी शुरू किया गया।

कार्यक्रम में महापौर प्रसन्न चंद मेहता, शहर विधायक अतुल भंसाली, उपमहापौर विजय सिंह पंवार, नगर निगम आयुक्त राहुल जैन सहित निगम के अधिकारी, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लेकर नगर निगम लगातार काम कर रहा है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वार्डों की जनसंख्या और क्षेत्रफल के आधार पर वाहनों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कचरा संग्रहण व्यवस्था की निगरानी के लिए मैपिंग प्रणाली विकसित की गई है। इसके माध्यम से यह जानकारी मिल सकेगी कि वाहन कितने घरों तक पहुंचे, कितने घरों से कचरा संग्रहित हुआ और कितना कचरा एकत्र किया गया।

शहर विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी और विस्तारित क्षेत्र को देखते हुए कचरा संग्रहण के संसाधनों को मजबूत करना आवश्यक है। नगर निगम की ओर से शुरू की गई यह पहल सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायक होगी। उपमहापौर विजय सिंह पंवार ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य दीपावली से पहले शहर के सभी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाना है। इसके लिए 14 अक्टूबर से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

वातानुकूलित पीएम ई-बस सेवा के तहत मंडोर से सांगरिया फाटा तक नए मार्ग पर इलेक्ट्रिक लो फ्लोर बसों का संचालन भी शुरू किया गया। पहले चरण में चार बसें संचालित की जाएंगी, जबकि आगामी दिनों में चार और बसें शुरू करने की योजना है। इस प्रकार नए मार्ग पर कुल आठ इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होगा। यह बस सेवा मंडोर से किशोरबाग, कृषि मंडी, महामंदिर, पावटा, नई सडक़, रेलवे स्टेशन, रोटरी सर्किल, एमडीएम अस्पताल, शास्त्री सर्किल, डीजल शेड और बासनी थाना होते हुए सांगरिया फाटा तक पहुंचेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767324 Articles

Share this story