जयपुर रनर्स क्लब की नई टीम ने संभाली कमान: फिटनेस संस्कृति को जन-आंदोलन बनाने का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर रनर्स क्लब की नई टीम ने संभाली कमान: फिटनेस संस्कृति को जन-आंदोलन बनाने का लिया संकल्प


जयपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान में रनिंग और फिटनेस संस्कृति को जन-आंदोलन का स्वरूप देने वाले जयपुर रनर्स क्लब की वर्ष 2026–2028 की नई नेतृत्व टीम ने विधिवत कार्यभार संभाल लिया। जयपुर में आयोजित भव्य इंस्टॉलेशन समारोह में प्रशासन, उद्योग, खेल एवं सामाजिक क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों, क्लब के संस्थापकों, सदस्यों और रनिंग समुदाय की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह के मुख्य अतिथि आईपीएस राजीव पचार, आईआरएस सुशील कुल्हारी, जयपुर के उप महापौर पुनीत कर्णावत, पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल, सीतापुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन एवं यूनाइटेड काउंसिल ऑफ राजस्थान इंडस्ट्रीज़ की संस्थापक संरक्षक सुभद्रा पापड़ीवाल, तिजारिया ग्रुप ऑफ कम्पनीज़ के चेयरमैन रमेश जैन तिजारिया तथा लघु उद्योग भारती राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र मिश्रा रहे। अतिथियों ने क्लब द्वारा पिछले डेढ़ दशक से फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं।

क्लब के सह-संस्थापक मुकेश मिश्रा ने जयपुर रनर्स क्लब की स्थापना, उसके विजन और राजस्थान में रनिंग संस्कृति को विकसित करने की प्रेरक यात्रा साझा की, जबकि सह-संस्थापक रवि गोयनका ने क्लब की सामुदायिक भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

निवर्तमान अध्यक्ष प्रवीण जैन तिजारिया ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सदस्यों, स्वयंसेवकों, प्रायोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद नई कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से दायित्व सौंपे गए।

नई टीम में दीपक शर्मा को अध्यक्ष, विकास जैन को कार्यकारी अध्यक्ष, सुशील कुल्हारी एवं निपुण वाधवा को उपाध्यक्ष, डॉ. आस्था पारीक को सचिव, ऋषभ दुगड़ को कोषाध्यक्ष, भावना पारीक को संयुक्त सचिव, राजेश चौधरी को जेआर रन अकादमी का अध्यक्ष तथा मोनिका चौधरी को सोशल मीडिया प्रमुख बनाया गया।

इसके अलावा अभिषेक मिश्रा, आनंद गुप्ता, अंकित तिवारी, अंशुल जैन, आशीष गुप्ता, इरफान खान, पवन शर्मा, राहुल बंसल, राजेंद्र त्यागी, सचिन भाटिया, शशि किरण, शिव कुमार भारद्वाज एवं विवेक चतार को कार्यकारी निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी पदाधिकारियों और जोनल डायरेक्टर्स ने क्लब के ध्वज के साथ नेतृत्व की शपथ लेते हुए शहर में रनिंग, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में दीपक शर्मा ने कहा कि आगामी दो वर्षों में जयपुर रनर्स क्लब सदस्य सहभागिता, युवा नेतृत्व, महिला रनिंग, रन अकादमी और सामुदायिक फिटनेस अभियानों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि पूरे समाज में स्वस्थ जीवनशैली की संस्कृति विकसित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story