भीलवाड़ा के नए एसपी सागर ने संभाली कमान, अपराधियों को दी सख्त चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
भीलवाड़ा के नए एसपी सागर ने संभाली कमान, अपराधियों को दी सख्त चेतावनी


भीलवाड़ा, 23 मई (हि.स.)। भीलवाड़ा जिले को नया पुलिस कप्तान मिल गया है। नवनियुक्त जिला पुलिस अधीक्षक सागर ने शनिवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण करते हुए अपराधियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिले में अपराध नियंत्रण के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर निवर्तमान एसपी धर्मेंद्र यादव ने उन्हें कार्यभार सौंपा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नए एसपी का स्वागत किया और जिले की कानून व्यवस्था से संबंधित जानकारी दी।

कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में एसपी सागर ने राजस्थान पुलिस के मूल मंत्र “आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय” को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए कार्य करती है, लेकिन कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा पुलिस पहले से अच्छा कार्य कर रही है, लेकिन अब अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करना और अपराधियों में भय कायम करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी रहेगी।

एसपी सागर ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों पर विशेष फोकस करने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी है और इसके लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छोटा या बड़ा किसी भी प्रकार का अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

भीलवाड़ा जिले में बढ़ते हाईवे नेटवर्क और सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए एसपी सागर ने कहा कि यातायात व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद एसपी सागर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, डीएसपी और विभिन्न थाना अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों और अवैध गतिविधियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।

नए एसपी की नियुक्ति के बाद जिले में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पुलिस महकमे में नई ऊर्जा दिखाई दे रही है, वहीं अपराधियों और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में बेचैनी बढ़ गई है। आमजन को उम्मीद है कि आने वाले समय में भीलवाड़ा में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण देखने को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

Share this story