नए इनकम टैक्स कानून की बारीकियों पर सेमिनार कल

WhatsApp Channel Join Now
नए इनकम टैक्स कानून की बारीकियों पर सेमिनार कल


जोधपुर, 28 मई (हि.स.)। आयकर विभाग की ओर से नए आयकर कानून 2025 के नियमों को समझाने के लिए एक खास सेमिनार किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 29 मई को सुबह 11.30 बजे पावटा सी रोड पर स्थित आयकर भवन के ग्राउंड फ्लोर पर होगा।

संयुक्त आयकर आयुक्त (रेंज-1) कंचन राम मीना ने बताया कि इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य टैक्स देने वाले कारोबारियों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स और आम जनता को नए इनकम टैक्स कानून में हुए बदलावों व उसकी बारीकियों के बारे में जानकारी देना है। इस सेमिनार में जोधपुर आयकर विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे, जो आगंतुकों की शंकाओं का समाधान भी करेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने करीब 60 साल से भी ज्यादा पुराने इनकम टैक्स एक्ट 1961 को खत्म करके उसकी जगह नया आयकर अधिनियम 2025 लागू किया है। यह नया कानून इसी साल एक अप्रैल से पूरे देश में लागू हो चुका है। सरकार का मुख्य उद्देश्य टैक्स सिस्टम को सरल, साफ-सुथरा और आम लोगों के लिए आसान बनाना है। नए कानून में पुरानी व्यवस्था के 819 सेक्शंस (धाराओं) को कम करके अब सिर्फ 536 कर दिया गया है। इसके साथ ही, कानूनी उलझनों को पूरी तरह खत्म करने के लिए नियमों की व्याख्या और अलग-अलग शर्तों को कानून की मुख्य कॉपी में ही शामिल कर दिया गया है, ताकि किसी को इसे समझने में कोई दिक्कत न हो।

अब असेसमेंट ईयर नहीं, केवल टैक्स ईयर का चलेगा नियम

इस सेमिनार में मुख्य रूप से नए कानून के तहत किए गए बड़े बदलावों पर खुलकर चर्चा होगी। नए नियमों में असेसमेंट ईयर (निर्धारण वर्ष) और प्रीवियस ईयर (पिछले वर्ष) जैसे उलझाने वाले शब्दों को हमेशा के लिए हटा दिया गया है। अब इनकी जगह सिर्फ टैक्स ईयर (कर वर्ष) का सीधा नियम काम करेगा। अधिकारियों ने यह भी साफ किया है कि इस नए कानून से टैक्सपेयर्स पर पैसों का कोई अतिरिक्त बोझ नहीं बढ़ेगा और न ही कोई नया टैक्स लगाया गया है। इसका पूरा फोकस सिर्फ टैक्स की भाषा को आसान बनाने, अर्थ को लेकर होने वाले विवादों को खत्म करने और लोगों को खुद आगे बढक़र ईमानदारी से टैक्स चुकाने के लिए प्रेरित करना है। आयकर भवन में होने वाले इस कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट एसोसिएशन, टैक्स बार एसोसिएशन और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य मुख्य रूप से शामिल होंगे। आयकर विभाग की इस सेमिनार में जोधपुर के सभी प्रबुद्ध नागरिक और जागरूक लोग भी शामिल हो सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story