नई कमोडिटी से बढ़ी रेलवे की रफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नई कमोडिटी से बढ़ी रेलवे की रफ्तार


मारवाड़ मूंडवा से पहली बार दौड़ी पेट्रोलियम कोक रैक, रेलवे को 57.19 लाख रुपए का राजस्व

जोधपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक और उपलब्धि अपने नाम करते हुए शुक्रवार को मारवाड़ मूंडवा स्टेशन से पहली बार पेट्रोलियम कोक की रैक अंबाला के लिए रवाना की। इसके साथ ही मंडल के फ्रेट कारोबार में एक नई कमोडिटी जुड़ गई है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि मारवाड़ मूंडवा स्थित अंबुजा सीमेंट लिमिटेड गति शक्ति कार्गो टर्मिनल से नए पेट कोक लोडिंग स्ट्रीम की सफल शुरुआत की गई है। इसके तहत मारवाड़ मूंडवा से अंबाला मंडल स्थित जीएसीएल के लिए पहली पेट कोक रैक रवाना की गई। रैक में 3,227 टन पेट कोक लोड किया गया, जिससे रेलवे को 57.19 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।

उन्होंने बताया कि यह केवल एक नई रैक का संचालन नहीं,बल्कि जोधपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट रणनीति को मिली बड़ी सफलता है। नए उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को रेल परिवहन से जोडऩे के लगातार प्रयासों के चलते मंडल के फ्रेट बास्केट में नई कमोडिटी शामिल हो रही हैं। इससे रेलवे की आय बढऩे के साथ उद्योगों को भी बेहतर लॉजिस्टिक सुविधा उपलब्ध हो रही है।

वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि पेट्रोलियम कोक (पेट कोक) कच्चे तेल के शोधन के दौरान बनने वाला उच्च कार्बनयुक्त ईंधन है। इसकी ऊष्मा क्षमता अधिक होने के कारण इसका उपयोग मुख्य रूप से सीमेंट उद्योग की भट्टियों में ईंधन के रूप में किया जाता है। बड़ी मात्रा में इसकी ढुलाई के लिए रेल सबसे किफायती,सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल माध्यम माना जाता है। ऐसे में मारवाड़ मूंडवा से इसकी लोडिंग शुरू होने से सडक़ परिवहन पर निर्भरता कम होगी और उद्योगों को कम लागत में समय पर आपूर्ति की सुविधा मिल सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story