नया एयरपोर्ट टर्मिनल मारवाड़ के विकास में मील का पत्थर: कटारिया

WhatsApp Channel Join Now
नया एयरपोर्ट टर्मिनल मारवाड़ के विकास में मील का पत्थर: कटारिया


जोधपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने केंद्र सरकार की परियोजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पित होने जा रहा नया एयरपोर्ट टर्मिनल मारवाड़ के विकास की दिशा में एक बहुत बड़ी उपलब्धि साबित होगा। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वर्षों से जिस आधुनिक टर्मिनल का इंतजार किया जा रहा था, वह अब पूरी तरह हकीकत बन चुका है। वह शुक्रवार को जोधपुर पहुंचे। यहां एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने यह बात कही।

राज्यपाल कटारिया ने नए टर्मिनल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह नया एयरपोर्ट सिर्फ जोधपुर शहर तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे पश्चिमी राजस्थान के औद्योगिक और आर्थिक परिदृश्य को बदल कर रख देगा। उन्होंने कहा कि आगामी समय में बाड़मेर रिफाइनरी के संचालन के साथ ही इस पूरे क्षेत्र में भारी निवेश बढ़ेगा, नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। ऐसे में बेहतर हवाई संपर्क (एयर कनेक्टिविटी) इस चौतरफा विकास को और अधिक मजबूती देगा। मारवाड़ के बदलते स्वरूप पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय था जब मारवाड़ को केवल एक सूखा प्रभावित और पिछड़े इलाके के रूप में जाना जाता था, लेकिन आज इसकी तस्वीर बहुत तेजी से बदल रही है। राज्यपाल ने कहा कि जोधपुर के साथ-साथ जैसलमेर और बाड़मेर जिले भी आज विकास की नई उड़ान भर रहे हैं। उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले कुछ ही वर्षों में बाड़मेर जिला राजस्थान के सबसे प्रमुख और बड़े औद्योगिक केंद्रों में अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित कर लेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story