अजमेर में 15 केंद्रों पर नीट री एग्जाम, 6231 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
अजमेर, 20 जून(हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी री एग्जाम के लिए अजमेर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6 हजार 231 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। शहर अजमेर केे 9 केंद्रों पर 3 हजार 600 तथा किशनगढ के 6 केंद्रों पर 2 हजार 631 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष , पारदर्शी एवं सुरक्षित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
सभी अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक सत्यापन और फुल जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला कार्मिकों द्वारा की जाएगी। प्रत्यके परीक्षा कक्ष में जैमर और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा पूरी परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य होगी। हर केंद्र पर फ्लाइंग स्क्वाड तैनात होगी। मेटल डिटेक्टर से अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक 100 अभ्यर्थियों पर एक पुलिस गार्ड तैनात रहेगा, जिसमें 50 प्रतिशत महिला पुलिसकर्मी शामिल होंगी। प्रश्न पत्रों के परिवहन से लेकर ओएमआर शीट जमा होने तक सशस्त्र पुलिस एस्कॉर्ट मौजूद रहेगा। परीक्षा डफ्यूटी में लगे पुलिस कर्मी भी मोबाइल फोन का उपयोग नहीं कर सकेंगे। प्रत्येक केंद्र पर नोडल पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रश्न पत्र और गोपनीय सामग्री को 24 घंटे सशस्त्र सुरक्षा में रखा जाएगा। परीक्षा सामग्री पहुंचाने वाले वाहनों में जीपएस ट्रैकिंग की व्यवस्था होगी। सभी केंद्र की लाइव मोनीटिरिंग होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है क्यों कि जांच प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लग सकता है।
राजस्थान केन्द्रीय विश्वविद्यालय, बांदरसिंदरी, अजमेर में 21 जून 2026 को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) – नीट (यूजी) 2026 आयोजित होगी। यह परीक्षा देशभर में दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:15 बजे तक आयोजित होगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा राजस्थान केन्द्रीय विश्वविद्यालय को एक बार पुनः आधिकारिक परीक्षा केन्द्र के रूप में नामित किया गया हैं।
राजस्थान केन्द्रीय विश्वविद्यालय में इस परीक्षा में कुल 1,920 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। विश्वविद्यालय परिसर में चार परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए है, जिनमें सुराज ए (एसपी-3 एवं एसपी-4 भवन), सुराज बी (4ए2 भवन), सुराज सी (4ए5 भवन) तथा सुराज डी (4ए6 भवन) शामिल हैं।
परीक्षा के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए विश्वविद्यालय द्वारा व्यापक व्यवस्थाएँ की गई हैं। अभ्यर्थियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए है तथा सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त चिकित्सा सहायता, पेयजल, अभिभावकों एवं परिजनों के लिए प्रतीक्षा स्थल तथा मार्गदर्शन हेतु स्पष्ट संकेतक भी उपलब्ध कराए गए है।
कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर विश्वविद्यालय की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “राजस्थान केन्द्रीय विश्वविद्यालय राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के आयोजन के लिए सुरक्षित, पारदर्शी एवं अभ्यर्थी-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया गया है कि अभ्यर्थी बिना किसी कठिनाई के परीक्षा में सम्मिलित हो सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

