नीट-पीजी परीक्षा के लिए जयपुर में पुख्ता इंतजाम: 15 केंद्रों पर 30 अगस्त को होगी परीक्षा
जयपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (आयुर्विज्ञान) की ओर से आयोजित नीट-पीजी 2026 परीक्षा रविवार, 30 अगस्त को जयपुर जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर होगी। कंप्यूटर आधारित परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा, बिजली और तकनीकी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और परीक्षा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होने देना है।
पुलिस विभाग की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। परीक्षा से कम से कम दो दिन पहले ही प्रत्येक केंद्र पर स्थानीय पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई। परीक्षा से जुड़े कंप्यूटर सिस्टम, सर्वर, नेटवर्क और परीक्षा सामग्री को अनधिकृत पहुंच या छेड़छाड़ से बचाने के लिए भी विशेष सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया गया है। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर को परीक्षा अवधि के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रखने तथा आवश्यकता के अनुसार चिकित्सा दल गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम जयपुर को परीक्षा केंद्रों के आसपास साफ-सफाई व्यवस्था के साथ अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड और संबंधित विद्युत निरीक्षक की ओर से केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा विद्युत उपकरणों की समुचित व्यवस्था की गई है।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग को परीक्षा से संबंधित तकनीकी व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया है।
परीक्षा समन्वयक नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि सभी संबंधित विभागों को परीक्षा के दौरान राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (आयुर्विज्ञान) (एनबीईएमएस) की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और निर्धारित व्यवस्थाओं का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

