महंगाई और नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदेशभर में होगा विरोध—प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
महंगाई और नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदेशभर में होगा विरोध—प्रदर्शन


जयपुर, 23 मई (हि.स.)। पेट्रोल-डीजल,रसोई गैस, बिजली और पेयजल की बढ़ती कीमतों व आपूर्ति संकट तथा नीट-2026 पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान कांग्रेस अब प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देश पर प्रदेश की सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां 23 मई से 1 जून तक अपने-अपने क्षेत्र के एसडीएम कार्यालयों के बाहर विरोध-प्रदर्शन करेंगी और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेंगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक और विदेश नीति के कारण देश में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। महंगाई का सीधा असर आमजन के जीवन पर पड़ रहा है और लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, बिजली और पेयजल की आपूर्ति आवश्यकता से कम हो रही है, जिससे आमजन त्रस्त हैं। इसके अलावा नीट-2026 परीक्षा का पेपर लीक होने से लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। कांग्रेस ने इस मामले में केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेशभर में आयोजित होने वाले इन प्रदर्शनों के माध्यम से केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद की जाएगी। ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालयों के समक्ष प्रदर्शन कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे।

प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story