‘नज़र’ फोटोग्राफी एवं पेंटिंग एग्जीबिशन का अवार्ड समारोह आयोजित में चिन्मय कौर और सुषमा सिंह सम्मानित
जयपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत आयोजित ‘नज़र’ फोटो एवं पेंटिंग एग्जिबिशन के पांचवें सीजन का अवॉर्ड समारोह होटल ग्रैंड सफारी में आयोजित किया गया। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित इस समारोह में फोटोग्राफी और पेंटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
इस समारोह में नज़र फोटोग्राफी अवॉर्ड चिन्मय कौर को तथा पेंटिंग आर्टिस्ट अवॉर्ड सुषमा सिंह को प्रदान किया गया। इसके अलावा पत्रकारिता के क्षेत्र में जोधपुर से शिवलाल और जयपुर से फर्स्ट इंडिया के फोटो जर्नलिस्ट सुनील शर्मा को भी सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईएएस नवीन जैन रहे। उन्होंने फोटोग्राफरों और कलाकारों को फोटोग्राफी से जुड़े उपयोगी टिप्स दिए तथा अपनी फोटोग्राफी यात्रा के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने प्रतिभागियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर खींचने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज, संस्कृति और प्रकृति को देखने का एक सशक्त माध्यम है।
एग्जिबिशन डायरेक्टर राघव गोयल ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने अगले वर्ष आयोजित होने वाले आयोजन की तारीख की घोषणा भी की।
आयोजकों के अनुसार यह जयपुर का प्रमुख फोटोग्राफी एवं आर्ट मंच है, जिसमें 400 से अधिक फोटोग्राफर और कलाकारों ने भाग लिया। प्रदर्शनी में 800 से अधिक तस्वीरों और कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया। इसमें राजस्थान के साथ देश-विदेश के फोटोग्राफरों और कलाकारों की रचनाएं शामिल रहीं।
अवॉर्ड समारोह में होटल ग्रैंड सफारी के ऑनर पवन गोयल, डायरेक्टर राघव गोयल, विनीत जैन, मोहित टेलर, टीटू प्रिंट से अंशुल तनवानी, जे.डी. माहेश्वरी और विष्णु शर्मा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत फाउंडर एवं डायरेक्टर रेणुका कुमावत ने किया।
एग्जिबिशन की संरक्षक रेणुका कुमावत ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि अगले वर्ष कलाकारों और फोटोग्राफरों के लिए कुछ नया करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उनकी कला को और बेहतर मंच एवं प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने कहा कि देश-विदेश की खूबसूरत तस्वीरों और पेंटिंग्स को जयपुर वासियों का अच्छा प्रतिसाद मिला। ‘नज़र’ ऐसा मंच है, जहां फोटोग्राफरों और पेंटिंग कलाकारों को एक साथ अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

