नजर फोटो एवं पेंटिंग एग्जीबिशन का डीजीपी राजीव कुमार शर्मा करेंगे उद्घाटन
जयपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत जवाहर कला केंद्र की सहभागिता में ‘नजर फोटो एवं पेंटिंग एग्जीबिशन’ के पांचवें सीजन का आयोजन 21 से 23 अगस्त तक किया जाएगा। तीन दिवसीय यह आयोजन जवाहर कला केंद्र में होगा। जिसे जयपुर के प्रमुख फोटोग्राफी आयोजनों में से एक के रूप में देखा जा रहा है।
संरक्षक रेणुका कुमावत ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्घाटन पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा शुक्रवार को सुबह 11 बजे करेंगे। प्रदर्शनी में देश-विदेश के साथ राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े फोटोग्राफर्स अपनी चुनिंदा तस्वीरें प्रदर्शित करेंगे।
खास बात यह है कि इस आयोजन में फोटोग्राफी के साथ पेंटिंग को भी प्रमुख स्थान दिया गया है, जिससे कला की विभिन्न विधाओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
प्रदर्शनी में जयपुर एवं राजस्थान के जाने-माने फोटो जर्नलिस्ट, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, विद्यार्थी तथा पेंटिंग आर्टिस्ट भी भाग ले रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा खींची गई तस्वीरें भी दर्शकों के लिए प्रदर्शित की जाएंगी। देश-विदेश के विभिन्न स्थानों की खूबसूरत और अनूठी तस्वीरों के साथ कलाकारों की पेंटिंग्स दर्शकों को कला और फोटोग्राफी की विविधता से रूबरू कराएंगी।
कुमावत ने बताया कि यह ऐसा साझा मंच है, जहां फोटोग्राफर्स, फोटो जर्नलिस्ट और पेंटिंग आर्टिस्ट एक साथ अपनी कला को लोगों के सामने प्रस्तुत कर रहे हैं। इसका उद्देश्य फोटोग्राफी और चित्रकला से जुड़े कलाकारों को एक मंच उपलब्ध कराने के साथ आमजन को बेहतरीन कला का अनुभव कराना है।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। तीनों दिन दर्शकों के लिए विभिन्न गतिविधियों के साथ ढेरों इनाम जीतने के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित यह तीन दिवसीय आयोजन जयपुर में फोटोग्राफी, कला और रचनात्मकता के विविध रंगों को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

