नजर एग्जिबिशन में आठ सौ से अधिक तस्वीरों-पेंटिंग्स ने बिखेरे कला के रंग

WhatsApp Channel Join Now
नजर एग्जिबिशन में आठ सौ से अधिक तस्वीरों-पेंटिंग्स ने बिखेरे कला के रंग


नजर एग्जिबिशन में आठ सौ से अधिक तस्वीरों-पेंटिंग्स ने बिखेरे कला के रंग


जयपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत जवाहर कला केंद्र की सहभागिता में आयोजित ‘नजर फोटो और पेंटिंग एग्जिबिशन’ के पांचवें सीजन का समापन हुआ। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में जयपुरवासियों ने देश-विदेश के फोटोग्राफरों और कलाकारों की कलाकृतियों का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में 400 से अधिक फोटोग्राफर और कलाकारों की 800 से अधिक तस्वीरें व पेंटिंग प्रदर्शित की गईं। प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र रंगों से सजी पुरानी विंटेज कार भी रही, जहां लोगों ने सेल्फी ली।

समापन समारोह में पांच वर्ष पूरे होने पर केक सेरेमनी आयोजित हुई। इसमें आरएएस पंकज ओझा और आईएफएस केसी मीणा सहित अतिथियों ने प्रतिभागियों के साथ उत्सव मनाया। नजर फोटोग्राफी अवॉर्ड चिन्मय कौर और पेंटिंग अवॉर्ड सुषमा सिंह को प्रदान किया गया। वहीं पत्रकारिता के क्षेत्र में जोधपुर के शिवलाल और जयपुर के सुनील शर्मा को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विधायक बालमुकुंद आचार्य, आईपीएस अमनदीप कपूर, आईएफएस केसी मीणा, आरएएस पंकज ओझा, आरएएस गोपाल राम बिरदा, प्रीति शर्मा, जितेंद्रपाल सिंह कछावा, मनाली गोयल और दीपक गुप्ता सहित कई हस्तियां शामिल हुईं। फाउंडर रेणुका कुमावत और अदिति अग्रवाल ने अतिथियों का सम्मान किया।

संरक्षक रेणुका कुमावत ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि अगले वर्ष कलाकारों और फोटोग्राफरों को प्रोत्साहित करने के लिए कुछ नया लेकर आने का प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि यह ऐसा मंच है, जहां फोटोग्राफरों और पेंटिंग कलाकारों को एक साथ अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story