भीलवाड़ा के नवनीत शर्मा ने आरएएस में तीसरी रैंक से रचा इतिहास
भीलवाड़ा, 18 अप्रैल (हि.स.)। भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा कस्बे के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित आरएएस परीक्षा-2024 के परिणाम में कस्बे के नवनीत शर्मा ने पूरे प्रदेश में तीसरी रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। साधारण परिवार से आने वाले नवनीत शर्मा ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने आरएएस मेंस परीक्षा में 282.50 अंक तथा इंटरव्यू में 60 अंक प्राप्त कर कुल 342.50 अंक हासिल किए।
नवनीत गुलाबपुरा के हुरड़ा रोड स्थित कृष्णा नगर के निवासी हैं। उनके पिता मुकेश कुमार शर्मा शाहपुरा के खामोर में शिक्षा विभाग में तृतीय श्रेणी शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं, जिन्होंने एम.ए. बी.एड तक शिक्षा प्राप्त की है। परिवार में उनकी एक बहन भी है। नवनीत ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और बहन को देते हुए उन्हें अपने जीवन का सबसे बड़ा प्रेरणा स्रोत बताया।
इस सफलता के पीछे एक भावुक और खास पल भी जुड़ा हुआ है। जब आरएएस का परिणाम घोषित हुआ, उस समय नवनीत के पिता चारधाम यात्रा पर थे। यात्रा के दौरान ही नवनीत ने फोन कर पिता को तीसरी रैंक प्राप्त करने की जानकारी दी। यह सुनते ही पिता भावुक हो गए और भगवान का स्मरण करते हुए अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भगवान ने उनकी यात्रा का पुण्य फल इस रूप में दिया है। नवनीत की प्रारंभिक शिक्षा गुलाबपुरा के जिंक विद्यालय में हुई, जबकि आगे की पढ़ाई जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से की। उन्होंने बीएससी की डिग्री हासिल की है। उल्लेखनीय है कि नवनीत ने वर्ष 2023 में भी आरएएस परीक्षा उत्तीर्ण की थी और वर्तमान में अजमेर स्थित राजस्व बोर्ड में तहसीलदार के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

