नौतपा का पहला वार: कोटा तंदूर, जयपुर ने जोधपुर-बाड़मेर को पछाड़ा

WhatsApp Channel Join Now
नौतपा का पहला वार: कोटा तंदूर, जयपुर ने जोधपुर-बाड़मेर को पछाड़ा


नौतपा का पहला वार: कोटा तंदूर, जयपुर ने जोधपुर-बाड़मेर को पछाड़ा


जयपुर, 26 मई (हि.स.)। राजस्थान में नौतपा की एंट्री के साथ ही पहले दिन सूरज ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि रेगिस्तान वाले जिले भी पीछे छूट गए। सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर कोटा रहा, जहां पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं राजधानी जयपुर ने भी गर्मी के मामले में बाड़मेर और जोधपुर को पछाड़ दिया।

दिनभर आसमान से आग बरसती रही और लू के थपेड़ों ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया।

हालांकि मौसम विभाग ने राहत की हल्की उम्मीद भी जताई है। 27 मई की देर शाम से 28 मई के बीच एक एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर-पूर्वी राजस्थान में मौसम करवट ले सकता है। 16 जिलों में धूलभरी आंधी, हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 19 जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट प्रभावी है।

नौतपा के पहले दिन गर्मी का असर केवल दिन तक सीमित नहीं रहा। हनुमानगढ़ और अलवर में रात का तापमान 33 से 34 डिग्री के बीच रहा। कोटा, चित्तौड़गढ़, चूरू, करौली, दौसा और झुंझुनूं में भी गर्म हवाओं ने रातभर चैन नहीं लेने दिया। राजधानी जयपुर में तापमान 43.6 रहा, जो बाड़मेर और जोधपुर से भी ज्यादा रहा। दोपहर में सड़कों पर पानी का छिड़काव करना पड़ा। 28 मई से आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। लेकसिटी उदयपुर में पारा 41 तक पहुंचा। गर्म हवाओं और उमस के कारण टूरिस्ट भी कम नजर आए। शाम होते-होते सड़कें सूनी दिखाई दीं।

कोटा में सुबह 8 बजे से ही सूरज के तेवर इतने तीखे थे कि लोग घरों से निकलने से बचते रहे। भीषण गर्मी के बीच शहर में मटकों की मांग अचानक बढ़ गई। अस्पतालों में मरीजों और परिजनों को छाछ बांटी गई। जोधपुर में तापमान 40.4 रहा, लेकिन उमस और गर्म हवाओं ने लोगों को ज्यादा परेशान किया। दिन और रात दोनों समय लू का असर बना रहा। सीकर के फतेहपुर में तापमान 43.2 रहा। मौसम विभाग ने अगले दिनों में पारा 46 डिग्री के पार जाने की आशंका जताई है। लोग सिर ढंककर और चेहरे पर कपड़ा बांधकर बाहर निकलते दिखे। अजमेर में अधिकतम तापमान 41.5 रहा।

यहां हीटवेव की संभावना कम है, लेकिन धूलभरी हवाएं और उमस लोगों को परेशान कर सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 27 मई की शाम से मौसम में हल्का बदलाव शुरू हो सकता है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में तेज आंधी, धूलभरी हवा, हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि के आसार हैं। फिलहाल राजस्थान में सूरज पूरी ताकत से बरस रहा है लेकिन उम्मीद है कि 28 मई से मौसम थोड़ी राहत की फुहार जरूर देगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story