हिंदू संस्कृति में प्रकृति के बिना जीवन की कल्पना नहीं: हर्षवर्धन त्रिपाठी

WhatsApp Channel Join Now
हिंदू संस्कृति में प्रकृति के बिना जीवन की कल्पना नहीं: हर्षवर्धन त्रिपाठी


उदयपुर, 03 मई (हि.स.)। वरिष्ठ पत्रकार हर्षवर्धन त्रिपाठी ने कहा कि हिंदू संस्कृति और सभ्यता में प्रकृति के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। सनातन परंपरा में नदी, वृक्ष और पर्यावरण के प्रत्येक अंग को पूजनीय मानकर जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का धर्म भी केवल सूचना देना नहीं, बल्कि समाज को संतुलित दृष्टि देना है, जिसमें विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों का समन्वय आवश्यक है।

वे रविवार को विश्व संवाद केंद्र चित्तौड़ प्रांत की ओर से सुखाड़िया विश्वविद्यालय के बप्पा रावल सभागार में आयोजित देवर्षि नारद जयंती एवं प्रांत स्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पत्रकार को दरबारी नहीं, बल्कि सत्य का पक्षधर होना चाहिए। बदलते भारत की सटीक तस्वीर प्रस्तुत करना भी पत्रकारिता का महत्वपूर्ण दायित्व है।

त्रिपाठी ने देश की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि कोविड महामारी और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत ने मजबूत प्रगति की है। सड़क, रेल और हवाई परिवहन के क्षेत्र में तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे समय और ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिला है। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के विरोध के पीछे छिपे पहलुओं को भी पत्रकारों को समझकर जनता तक पहुंचाना चाहिए।

समारोह में मुख्य अतिथि महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर के कुलगुरु प्रो. सुरेश अग्रवाल ने कहा कि पत्रकारों को नारदजी की तरह निर्भीक होकर सत्य कहना चाहिए। विशिष्ट अतिथि डॉ. महावीर कुमावत ने सामाजिक समरसता को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया।

कार्यक्रम में पांच श्रेणियों में उत्कृष्ट पत्रकारों को देवर्षि नारद सम्मान प्रदान किए गए। प्रांत के 13 जिलों से प्राप्त 132 प्रविष्टियों में से चयनित पत्रकारों को स्मृति चिन्ह, पुस्तक और 21-21 हजार रुपए की सम्मान राशि दी गई। उत्कृष्ट पत्रकार (प्रिंट) पुरस्कार भूपेश दाधीच दैनिक नवज्योति उदयपुर, उत्कृष्ट पत्रकार इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का पुरस्कार मुकेश हिंगड़ दैनिक भास्कर डिजिटल एप उदयपुर, उत्कृष्ट छायाकार का पुरस्कार बलराम मेहता राजस्थान पत्रिका बारां, उत्कृष्ट पत्रकार (यूट्यूब चैनल) का पुरस्कार निपुण भार्गव, चैनल निदेशक 'बात आज की' अजमेर और उत्कृष्ट स्तंभकार का पुरस्कार भंवर सिंह कछवाहा संपादक बालाजी टाइम्स को प्रदान किया गया।

विश्व संवाद केंद्र के सचिव प्रवीण कोटिया ने बताया कि समारोह के दौरान साहित्य प्रदर्शनी, संविधान चित्र प्रदर्शनी और नारद जयंती पर आधारित वृत्तचित्र भी आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम का संचालन भानुप्रिया ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष कमल प्रकाश रोहिला ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story