31 अक्टूबर को राजस्थान के सभी पुलिस थानों पर दिखेगी राष्ट्रीय एकता दिवस परेड

WhatsApp Channel Join Now
31 अक्टूबर को राजस्थान के सभी पुलिस थानों पर दिखेगी राष्ट्रीय एकता दिवस परेड


जयपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का राजस्थान के सभी पुलिस थानों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। शाम 5:30 बजे से बड़ी स्क्रीन पर होने वाले प्रसारण में पुलिसकर्मियों के साथ आम नागरिक भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह को संबोधित करेंगे।

इस आयोजन में पुलिसकर्मियों के साथ एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड, युवा क्लब, सुरक्षा सखी, सीएलजी सदस्य और पुलिस मित्र भाग लेंगे। इसके अलावा पुलिसकर्मियों के परिवार, पुलिस प्रशिक्षु और आरएसी बटालियनों के जवान भी समारोह देखेंगे। पहल का उद्देश्य पुलिस के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश की सुरक्षा में जवानों के योगदान से आमजन को परिचित कराना तथा पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद मजबूत करना है।

सोमवार सुबह केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के पुलिस महानिदेशकों को आयोजन के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।

डीजीपी ने कहा कि थाना प्रभारी से लेकर पुलिस अधीक्षक और रेंज आईजी तक के अधिकारी पुलिस थानों में पुलिसकर्मियों और आमंत्रित लोगों के साथ बैठकर परेड का सीधा प्रसारण देखेंगे। सभी जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालयों को आयोजन और जनभागीदारी की रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय भेजनी होगी।

उन्होंने बताया कि समारोह का मुख्य उद्देश्य देश के पुलिस बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की ओर से किए जा रहे असाधारण कार्यों को राष्ट्र के सामने प्रस्तुत करना है।

बैठक में डीजी कानून एवं व्यवस्था संजय अग्रवाल ने जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस आयुक्तों को आयोजन के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीजीपी वीके सिंह, रूपिंदर सिंघ, लता मनोज कुमार, प्रफुल्ल कुमार और राघवेंद्र सुहासा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767272 Articles

Share this story