जयपुर में हुआ नेशनल टैलेंट ऑफ इंडिया ऑडिशन
जयपुर, 30 जून (हि.स.)। राजधानी जयपुर में मंगलवार को आयोजित नेशनल टैलेंट ऑफ इंडिया बिग ब्यूटी ऑडिशन में युवा प्रतिभाओं का उत्साह देखने को मिला। जयपुर में आयोजित ऑडिशन में 500 से अधिक युवतियों ने पंजीकरण कराया, जबकि करीब 100 प्रतिभागियों ने विभिन्न चयन चरणों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम के प्रस्तुतकर्ता दीप फोटोग्राफी रहे।
आयोजन के दौरान कास्टिंग डायरेक्टर धीरज शाह ने बताया कि ऑडिशन का मुख्य उद्देश्य उन प्रतिभाशाली युवतियों को मंच उपलब्ध कराना है, जो मेहनत और प्रतिभा के दम पर मॉडलिंग एवं ग्लैमर इंडस्ट्री में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं, लेकिन आर्थिक कारणों से उन्हें उचित अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि यह पहल नए चेहरों को आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने की दिशा में एक प्रयास है।
ऑडिशन की जूरी सदस्य मिस हिमानी टेलर ने बताया कि प्रतिभागियों का मूल्यांकन विभिन्न मानकों पर किया गया और उन्हें मंच पर बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है तथा इसका उद्देश्य केवल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है, न कि व्यावसायिक लाभ अर्जित करना।
प्रतिभागियों के लिए चार अलग-अलग राउंड आयोजित किए गए, जिनमें आत्मविश्वास, प्रस्तुति, व्यक्तित्व और मंच संचालन क्षमता के आधार पर अंक दिए गए। इन चरणों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन आगामी फिनाले के लिए किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुति देकर निर्णायकों को प्रभावित किया।
आयोजकों ने बताया कि यह मंच प्रतिभा, मेहनत और ईमानदारी को सम्मान देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, ताकि नए चेहरे मॉडलिंग जगत में अपनी अलग पहचान बना सकें।
इस आयोजन में पवन इवेंट्स, ब्लश बाय शिखा तथा फोटोग्राफी टीम के सदस्य मनोज, देवेंद्र सिंह, लेखराज और संजू ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन के सफल संचालन में नेशनल टैलेंट ऑफ इंडिया की पूरी टीम का विशेष सहयोग रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

