राष्ट्रीय नवजात सप्ताह 21 नवंबर तक मनाया जाएगा : नवजातों की देखभाल पर रहेगा विशेष फोकस

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय नवजात सप्ताह 21 नवंबर तक मनाया जाएगा : नवजातों की देखभाल पर रहेगा विशेष फोकस


जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण, समय पर उपचार और बेहतर देखभाल के उद्देश्य से जयपुर प्रथम जिले में 15 से 21 नवंबर तक राष्ट्रीय नवजात सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान नवजात शिशुओं की गुणवत्तापूर्ण देखभाल, नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर उपचार और फॉलोअप सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा। इस वर्ष की थीम ‘नन्हे शिशु, अपार संभावनाएं : उनके सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए नियमित फॉलोअप देखभाल में निवेश करें’ रखी गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि सप्ताह के दौरान जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों में नवजात शिशुओं की देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने चिकित्सा संस्थान प्रभारियों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश चौधरी ने बताया कि विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू), नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) और नवजात शिशु स्थिरीकरण इकाई (एनबीएसयू) से डिस्चार्ज होने वाले बच्चों का नियमित फॉलोअप किया जाएगा। समयपूर्व जन्मे शिशुओं में रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमैच्योरिटी (आरओपी), श्रवण जांच और विकासात्मक निगरानी पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सप्ताह के दौरान चिकित्सा अधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), एएनएम और आशा सहयोगिनियों को नवजात शिशुओं में खतरे के लक्षणों की पहचान, समय पर रेफरल, कंगारू मदर केयर (केएमसी), स्तनपान और शिशु पोषण संबंधी परामर्श के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।

चिकित्सा संस्थानों में स्वस्थ शिशु सत्र, स्तनपान जागरूकता और स्वास्थ्य परामर्श गतिविधियां होंगी। वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर, ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति (वीएचएसएनसी) की बैठकों और शिशु शिविरों के माध्यम से माताओं व परिजनों को नवजात देखभाल के प्रति जागरूक किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777100 Articles

Share this story