पात्र परिवारों को मिला राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ

WhatsApp Channel Join Now
पात्र परिवारों को मिला राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ


जोधपुर, 28 सितम्बर (हि.स.)। विकसित भारत-जन सेवा अभियान 2026 के तहत राजस्व विभाग द्वारा ग्राम पंचायत सोलंकिया तला के गिरदावर सर्किल पर विशेष कैंप का आयोजन किया गया।

कैंप में आमजन को त्वरित राहत प्रदान करते हुए पात्र ग्रामीणों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभार्थी बनाया गया तथा राशन कार्ड संबंधी कार्य पूर्ण किए गए। इसके अतिरिक्त शिविर में काश्तकारों की सहूलियत के लिए जमाबंदी प्रमाणीकरण, किसान गिरदावरी तथा किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़े विभिन्न कार्यों का मौके पर ही पारदर्शी निस्तारण किया गया। शिविर में उपखंड अधिकारी विक्रांत शर्मा, तहसीलदार लाला रामजी मीणा एवं पटवारी करुणा बिश्नोई उपस्थित रहे और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया।

1.25 लाख रुपये की अनुदान राशि

सेवा सेतु अभियान के तहत कृषि विभाग की योजना के माध्यम से ग्राम धूधाड़ा के काश्तकार गोरख राम सुथार पुत्र नारायण राम को कृषि यंत्र मल्टी क्रॉप थ्रेशर पर 1 लाख 25 हजार रुपये की अनुदान राशि प्रदान कर लाभान्वित किया गया है। लाभार्थी कृषक गोरख राम ने बताया कि पहले फसलों की कटाई और मड़ाई में बहुत समय एवं मेहनत लगती थी और किराए के थ्रेशर पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय पर काम नहीं हो पाता था। अब कृषि विभाग से मल्टी क्रॉप थ्रेशर मिलने से गेहूं, चना, सरसों, जौ तथा अन्य फसलों की मड़ाई एक ही मशीन से आसानी से हो जाती है। इससे न केवल समय की बचत हो रही है बल्कि कृषि खर्च में भी भारी कमी आई है।

लाडो प्रोत्साहन योजना की दूसरी किस्त का लाभ

विकसित भारत-जन सेवा अभियान के अंतर्गत महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत विमला कंवर पुत्री सायर कंवर को योजना की दूसरी किस्त का लाभ प्रदान किया गया है। इस अवसर पर विकास अधिकारी गोकुल सिंह, तहसीलदार लाला राम मीणा तथा महिला अधिकारिता विभाग की ब्लॉक सुपरवाइजर अल्का बिश्नोई उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुरू की गई इस योजना के अंतर्गत पात्र बालिकाओं को 7 किस्तों में कुल 1.5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।

मौके पर मिला स्वास्थ्य परामर्श व उपचार

मेरा गांव, स्वस्थ गांव के संकल्प के साथ पंचायत समिति शेरगढ़ की ग्राम पंचायत सोलंकिया तला में ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य जांच हेतु उपस्थित हुए ग्रामीण भीखा राम की एनसीडी स्क्रीनिंग के तहत बीपी (रक्तचाप), शुगर (रक्त शर्करा) तथा ओरल कैंसर आदि की जांच की गई एवं आवश्यकतानुसार उचित चिकित्सीय परामर्श व उपचार प्रदान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story