डूंगरपुर के नूर मोहम्मद मकरानी 'निशान-ए-खिदमत-ओ-कमाल' से सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
डूंगरपुर के नूर मोहम्मद मकरानी 'निशान-ए-खिदमत-ओ-कमाल' से सम्मानित


डूंगरपुर के नूर मोहम्मद मकरानी 'निशान-ए-खिदमत-ओ-कमाल' से सम्मानित


डूंगरपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। झीलों की नगरी उदयपुर की सरजमीं पर रोटरी क्लब में आयोजित 'नेशनल एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026' में वागड़ अंचल सहित डूंगरपुर जिले को गौरवान्वित होने का ऐतिहासिक अवसर मिला है। डायर कम्युनिटी सोसाइटी की ओर से आयोजित इस भव्य एवं गरिमामय समारोह में एम एम ग्रुप डूंगरपुर के सदर जनाब नूर मोहम्मद मकरानी को उनकी उत्कृष्ट सामाजिक सेवाओं और समाज के प्रति अद्वितीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान 'निशान-ए-खिदमत-ओ-कमाल' से नवाजा गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अंशुल मोगरा एवं 'गेस्ट ऑफ ऑनर' के रूप में मुकेश माधवानी उपस्थित रहे। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए पूरे प्रदेश से 400 से अधिक नामांकन प्राप्त हुए थे। ज्यूरी द्वारा कड़ी, निष्पक्ष और पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाते हुए शिक्षा, व्यवसाय, पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, प्रशासन, खेल और चिकित्सा जैसे विभिन्न क्षेत्रों से समाज पर गहरा प्रभाव छोड़ने वाले 30 उत्कृष्ट और युवा अचीवर्स का चयन किया गया, जिनमें नूर मोहम्मद मकरानी भी शामिल रहे।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बोलते हुए जनाब नूर मोहम्मद मकरानी ने आयोजन की सराहना की और कहा कि यह सिर्फ एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज की सकारात्मक सोच, शिक्षा और सेवा का एक बड़ा उत्सव है। उन्होंने कहा कि जब सम्मान केवल योग्यता, ईमानदारी और जमीनी कार्य के आधार पर दिए जाते हैं, तो वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। मकरानी ने इस दौरान 'लेट हाजी नूर मोहम्मद खातून बेगम फाउंडेशन' और आयोजन समिति की इस ऐतिहासिक पहल की भी जमकर तारीफ की।

समारोह के सफल और भव्य आयोजन के लिए डाइट कम्युनिटी सोसायटी के प्रेसिडेंट जनाब अय्यूब डायर, जनाब आरिफ शेख सहित तमाम सम्मानित ज्यूरी मेंबर्स और आयोजन समिति के सदस्यों की सराहना की गई, जिन्होंने पर्दे के पीछे रहकर इस कार्यक्रम को कामयाबी के शिखर तक पहुंचाया। इस गरिमामयी शाम ने न सिर्फ काबिल हस्तियों का मान बढ़ाया, बल्कि समाज में खिदमत, मोहब्बत, एकता और इंसानियत की रिवायत को भी एक नई बुलंदी बख्शी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story