आयुर्वेद विश्वविद्यालय में औषधीय द्रव्यों पर दिए व्याख्यान

WhatsApp Channel Join Now
आयुर्वेद विश्वविद्यालय में औषधीय द्रव्यों पर दिए व्याख्यान


जोधपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविंद सहाय शुक्ल के मार्गदर्शन में स्नातकोत्तर आयुर्वेद शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान में राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ, आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में द्रव्यगुण विज्ञान के शिक्षकों हेतु आयोजित छह दिवसीय राष्ट्रीय सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में मानसरोवर आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, भोपाल (मध्य प्रदेश) के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने औषधकोश एवं योग-संग्रह, औषधीय पौधों पर लोकप्रिय प्रकाशन एवं सूचना प्रौद्योगिकी आधारित स्रोत तथा शोध-अध्ययन की रूपरेखा के मूलभूत सिद्धांत विषयों पर व्याख्यान दिए।

उन्होंने औषधीय द्रव्यों के मानकीकरण, प्रामाणिक साहित्य एवं डिजिटल स्रोतों के उपयोग तथा अनुसंधान की वैज्ञानिक रूपरेखा के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, जयपुर के प्रोफेसर डॉ. मोहनलाल जायसवाल ने चरक, सुश्रुत, वाग्भट एवं अन्य आयुर्वेदिक ग्रंथों के अनुसार औषधियों का चिकित्सीय वर्गीकरण तथा वैदिक साहित्य में द्रव्यगुण विज्ञान विषयों पर व्याख्यान प्रस्तुत किए।

उन्होंने चरक, सुश्रुत एवं वाग्भट सहित प्रमुख आयुर्वेदिक ग्रंथों में वर्णित औषधीय द्रव्यों के चिकित्सीय वर्गीकरण तथा वैदिक साहित्य में द्रव्यगुण विज्ञान की अवधारणाओं को विस्तार से समझाया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768952 Articles

Share this story