नशे के खिलाफ राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली पहुंची आमेर

WhatsApp Channel Join Now
नशे के खिलाफ राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली पहुंची आमेर


नशे के खिलाफ राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली पहुंची आमेर


जयपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ जन-जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली बुधवार शाम ऐतिहासिक आमेर पहुंची। राजस्थान पुलिस बैंड की स्वरलहरियों के बीच राइडर्स का पुष्पवृष्टि और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। उप महानिरीक्षक पुलिस श्वेता धनखड़ ने राइडर्स का अभिनंदन करते हुए गुलाबी नगरी में स्वागत किया।

‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ संदेश के साथ निकाली जा रही इस रैली में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, विभिन्न केंद्रीय पुलिस संगठनों और राज्य पुलिस के करीब 250 राइडर्स शामिल हैं। रैली सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के तहत निकाली जा रही है। इसका उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था वीके सिंह ने बताया कि रैली राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के रास्ते प्रवेश कर जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर होते हुए गुजरात की ओर बढ़ेगी। गुरुवार सुबह 10 बजे जयपुर के रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल से पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा रैली को हरी झंडी दिखाकर अजमेर के लिए रवाना करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 अक्टूबर को रैली अजमेर, 23 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़ होते हुए उदयपुर और 24 अक्टूबर को उदयपुर से गांधीनगर की ओर प्रस्थान करेगी।

रैली में सीआरपीएफ, बीएसएफ, एनआईए, आरपीएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एनएसजी और एसएसबी सहित विभिन्न बलों के राइडर्स भाग ले रहे हैं। रैली के स्वागत और ठहराव स्थलों पर स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों तथा आमजन के साथ संवाद किया जाएगा। एनजीओ, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, एनसीसी-एनएसएस के सदस्यों और विद्यार्थियों की भागीदारी से नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे। वहीं गुरुवार को रैली के लिए जयपुर यातायात पुलिस ने विस्तृत मार्ग योजना तैयार की है। राइडर्स तीन अलग-अलग स्थानों से पायलट वाहनों के साथ अल्बर्ट हॉल पहुंचेंगे। चतुर्थ बटालियन आरएसी का दल रामगढ़ रोड, सड़वा मोड़, मानबाग, धोबीघाट सर्किल, गलता गेट, दिल्ली रोड, टीपी नगर, गुरुद्वारा मोड़, घाटगेट, सांगानेरी गेट और रामनिवास बाग होते हुए पहुंचेगा। इस दल की पायलटिंग यातायात निरीक्षक रामकृपाल मीणा करेंगे।

पांचवीं बटालियन आरएसी का दल दिल्ली रोड, टीपी नगर, गुरुद्वारा मोड़, घाटगेट, सांगानेरी गेट और रामनिवास बाग होकर अल्बर्ट हॉल पहुंचेगा। इसकी पायलटिंग यातायात निरीक्षक दुर्गाप्रसाद करेंगे। राजस्थान पुलिस अकादमी से आने वाला तीसरा दल आरपीए मोड़, पानीपेच तिराहा, चिंकारा तिराहा, कलेक्ट्री सर्किल, खासाकोठी, गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा, एमआई रोड और यादगार तिराहे से होकर पहुंचेगा। इस दल की पायलटिंग यातायात निरीक्षक कैलाश चंद मीणा करेंगे।

अल्बर्ट हॉल से रवाना होने के बाद रैली रामनिवास बाग के पिछले गेट, त्रिमूर्ति सर्किल, जेडीए चौराहा, रामबाग चौराहा और अंबेडकर सर्किल से भारत जोड़ो सेतु एलिवेटेड रोड होते हुए आगे बढ़ेगी। इसके बाद श्याम नगर सब्जी मंडी, पुरानी चुंगी, निर्माण नगर, 200 फुट चौराहा, कमला नेहरू नगर पुलिया, भांकरोटा और बगरू होते हुए अजमेर रोड पर जयपुर आयुक्तालय की सीमा से बाहर निकलेगी। इस मार्ग पर पायलटिंग रामकृपाल मीणा करेंगे।

रैली के सुचारू संचालन के लिए उप महानिरीक्षक पुलिस, आर्म्ड बटालियन श्वेता धनखड़ को राजस्थान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित जिलों में पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, एस्कॉर्ट, पार्किंग और आपातकालीन सहायता की व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक जिले में आरपीएस स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में नियंत्रण कक्ष स्थापित कर रैली की निगरानी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story