कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं की तरक्की का किया विरोध: डॉ. अग्रवाल
जोधपुर, 20 अप्रैल हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य डॉ. राधा मोहन अग्रवाल ने कहा है कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं की तरक्की का विरोध किया है। देश की आजादी में योगदान देने वाली महिलाओं को जब हक देने का समय आया तो उनको पीछे धकेल दिया। वे सोमवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बात कर रहे थे।
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन परिसीमन बिल को पारित नहीं होने दिया, लेकिन हम चुप नहीं बैठेंगे हम प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे पास दो तिहाई बहुमत होता तो यह बिल भी पारित हो जाता। आगे परिस्थिति बनेगी तो ओबीसी आरक्षण की भी बात करेंगे।
अग्रवाल से पूछा गया कि भारतीय जनता पार्टी अगला बिल कब लाएगी और उस बिल में क्या ओबीसी को भी आरक्षण दिया जाएगा? इस सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि संसद में ओबीसी को आरक्षण देने का सबसे पहले विरोध राजीव गांधी ने किया था। देश में स्थानीय निकाय को लेकर जब संशोधन हुआ था उस समय ओबीसी को राजनीतिक आरक्षण दिया जा सकता था, लेकिन नहीं दिया। इसके बाद भी इनकी सरकार थी फिर भी नहीं दिया। आज राहुल गांधी और अन्य महिला आरक्षण बिल में ओबीसी के आरक्षण के नाम पर अड़ंगा लगा रहे। सबसे पहले उनको अपने पिता के संसद में दर्ज बयान का खंडन जारी करना चाहिए। आगे भविष्य में परिस्थिति बनेगी तो ओबीसी आरक्षण की बात करेंगे, लेकिन कांग्रेस को पहले किसने रोका था इसका जवाब देना चाहिए।
पीएम विश्वास जीतना जानते हैं :
पश्चिम बंगाल के चुनाव पर प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल में खेला हो चुका है, सिर्फ परिणाम बाकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में वो कला है कि वे लोगों के दिल में विश्वास बनाना और जीतना जानते हैं। यह केवल देश में लागू नहीं होता पूरी दुनिया में लागू होता है। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि राजस्थान में शुरू होने वाली रिफाइनरी से प्रदेश को सालाना 5 से 6000 करोड़ की आय होगी। हजारों लोगों को रोजगार भी मिलेगा। प्रदेश में पंचायत चुनाव और निकाय चुनाव पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इसको लेकर सजग हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

