मोदी सरकार ने महिलाओं को दिलाया अधिकार: पटेल
जोधपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम और लोकसभा-विधानसभा सीटों के परिसीमन को लेकर संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने संसद में सभी दलों से इस अधिनियम का समर्थन करने की अपील की थी, लेकिन कांग्रेस ने लंबे समय तक इसे लटकाए रखा। यह नारी शक्ति के अधिकार का मामला था और मोदी सरकार के संकल्प के चलते अब महिलाओं को उनका हक मिल रहा है। यह बात उन्होंने यहां सर्किट हाउस में मीडिया से वार्ता करते हुए कही।
उन्होंने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित हो चुका है और संशोधन के बाद 2011 की जनगणना के आधार पर इसे लागू किया गया है। 2027 के बाद होने वाले चुनावों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। जोगाराम पटेल ने महिलाओं को 33 प्रतिशत के बजाय 50 प्रतिशत आरक्षण देने का भी समर्थन करते हुए कहा कि जरूरत पडऩे पर भविष्य में इसे बढ़ाया जा सकता है, क्योंकि महिलाएं हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। परिसीमन के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि पिछली बार 2008 में परिसीमन हुआ था और अब 2011 की जनगणना के आधार पर नया परिसीमन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने स्पष्ट किया है कि किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा और सभी को समान प्रतिनिधित्व मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति करने की आवश्यकता नहीं है और राजस्थान में परिसीमन पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया जाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि 21 अप्रैल को बालोतरा जिले के पचपदरा में होने वाला रिफाइनरी उद्घाटन राजस्थान के विकास की दिशा बदल देगा। मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि पचपदरा में बनने वाली यह रिफाइनरी सिर्फ एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि पश्चिमी राजस्थान के भविष्य को संवारने वाला मील का पत्थर साबित होगी। यह देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी में से एक होगी और इसके जुलाई तक कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू होने की संभावना है। इस रिफाइनरी से देश को करीब 21 हजार करोड़ रुपये का सालाना राजस्व मिलने की संभावना है। वहीं, राजस्थान को 4 से 5 हजार करोड़ रुपये का लाभ होगा। साथ ही हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और बायो-प्रोडक्ट आधारित उद्योगों के विस्तार से पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

