दस दिन बाद नरेश मीणा ने तोड़ा अनशन, मां और विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने जूस पिलाकर कराया समाप्त

WhatsApp Channel Join Now
दस दिन बाद नरेश मीणा ने तोड़ा अनशन, मां और विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने जूस पिलाकर कराया समाप्त


बारां, 11 अक्टूबर (हि.स.)। किसानों की खाद की कमी सहित विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 10 दिनों से अनशन कर रहे किसान नेता नरेश मीणा ने रविवार को अपना अनशन समाप्त कर दिया। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी और नरेश मीणा की मां प्रेम बाई ने जिला अस्पताल पहुंचकर उन्हें जूस पिलाया, जिसके बाद उन्होंने अनशन तोड़ा।

तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती नरेश मीणा से मुलाकात के दौरान विधायक भाटी ने उन्हें अनशन समाप्त करने के लिए समझाया।

नरेश मीणा ने 2 अक्टूबर को बारां में किसानों की खाद की कमी और अन्य समस्याओं को लेकर अनशन शुरू किया था। किसानों की मांगों को लेकर उन्होंने आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 3 अक्टूबर को बारां से जयपुर के लिए ठेले पर यात्रा शुरू की थी। उनका उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए दबाव बनाना था।

आंदोलन के दौरान 7 अक्टूबर को पुलिस ने शिवदासपुरा टोल प्लाजा पर नरेश मीणा के काफिले को रोक दिया था। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं का चार दिन में समाधान करने का भरोसा दिया। इसके बाद नरेश मीणा ने जयपुर जाने का कार्यक्रम टाल दिया, लेकिन गांव लौटने के बाद भी अपना अनशन जारी रखा। वे खाद की कमी सहित किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग पर अड़े रहे।

लगातार अनशन के बीच शनिवार को नरेश मीणा की तबीयत बिगड़ गई।

इसके बाद उन्हें बारां जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार को शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी उनसे मिलने पहुंचे। विधायक ने उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अनशन समाप्त करने की समझाइश दी।

रविवार को अस्पताल में विधायक रविंद्र सिंह भाटी और नरेश मीणा की मां प्रेम बाई की मौजूदगी में उन्हें जूस पिलाया गया। इसके साथ ही पिछले 10 दिनों से जारी उनका अनशन समाप्त हो गया। नरेश मीणा लगातार किसानों की मांगों के समाधान के लिए दबाव बना रहे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story