वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को लेकर होगी कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय बैठक

WhatsApp Channel Join Now
वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को लेकर होगी कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय बैठक


जयपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। मतदाता सूचियों से कथित रूप से गलत तरीके से हटाए गए मतदाताओं के नामों के विरोध में कांग्रेस पार्टी की ओर से चलाए जा रहे 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान को गति देने के लिए 17 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय जयपुर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जिला प्रभारी पदाधिकारी शामिल होंगे।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से देशभर में 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाता सूचियों से हटाए गए नामों का सत्यापन करने के लिए 'वोट रक्षक' नियुक्त किए जाएंगे। इन जमीनी कार्यकर्ताओं को अभियान के उद्देश्य और जिम्मेदारियों के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत मंडल और ग्राम स्तर पर 'वोट बचाओ-देश बचाओ' चौपालों का आयोजन किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची से जुड़े मामलों को लेकर आमजन को जागरूक किया जा सके। इसके साथ ही 26 नवंबर 2026 को जयपुर में प्रस्तावित संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों पर भी बैठक में चर्चा होगी।

चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में वोट रक्षक अभियान की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण के साथ संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश में हाल ही में संपन्न हुए पंचायती राज संस्थाओं के मतदान के बाद प्राप्त फीडबैक पर चर्चा की जाएगी। आगामी पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों को लेकर भी संगठनात्मक रणनीति पर विचार-विमर्श होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778177 Articles

Share this story