नहर के गणेश जी मंदिर में सिंजारा उत्सव मनाया गया

WhatsApp Channel Join Now
नहर के गणेश जी मंदिर में सिंजारा उत्सव मनाया गया


जयपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित प्राचीन दाहिनी सूंड दक्षिणमुखी श्री नहर के गणेश जी महाराज मंदिर में रविवार को सिंजारा उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गणपति जी को विशेष लहरिया पोशाक और साफा धारण करवाया गया। इसके बाद असंख्य मोदकों की आकर्षक झांकी सजाई गई।

मंदिर के युवाचार्य पं. मानव शर्मा ने बताया कि मंदिर महंत पं. जय शर्मा के सान्निध्य में गणपति जी को हाथ से तैयार की गई लहरिया पोशाक और साफा पहनाया गया। इसके बाद भगवान गणेश को सिंजारे की मेहंदी अर्पित कर झांकी की आरती की गई। शाम 5:30 बजे से मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को नवीन चौले का सिंदूर और सिंजारे की मेहंदी प्रसाद के रूप में वितरित की गई। इस दौरान प्रेम भाया मंडल की ओर से भजनों का गायन किया गया, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

मंदिर में सोमवार को गणेश चतुर्थी का महापर्व मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह पांच बजे मंगला आरती से होगी। मंगलवार को ऋषि पंचमी का पारंपरिक आयोजन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story