नाहरगढ़ जैविक उद्यान में वन्य जीव गणना की तैयारियां पूरी: पहली बार महिला दल संभालेंगे जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
नाहरगढ़ जैविक उद्यान में वन्य जीव गणना की तैयारियां पूरी: पहली बार महिला दल संभालेंगे जिम्मेदारी


जयपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। नाहरगढ़ जैविक उद्यान में आगामी वार्षिक वन्यजीव गणना को लेकर वन विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष की गणना कई मायनों में विशेष रहने वाली है, क्योंकि पहली बार महिला कार्मिकों के तीन दल इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संभालेंगे।इसके चलते बुधवार को सहायक वन संरक्षक देवेन्द्र सिंह राठौड़, रेंजर शुभम शर्मा और फॉरेस्टर राजाराम मीणा ने नाहरगढ़ रेंज का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने वन्यजीवों के लिए बनाए गए 10 नए वाटर पॉइंट्स और निगरानी के लिए तैयार किए गए मचानों का बारीकी से जायजा लिया। भीषण गर्मी को देखते हुए वन्यजीवों के लिए पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता बनी हुई है।

वन विभाग के अनुसार वन्यजीव गणना 1 मई 2026 को शाम 5 बजे से शुरू होकर 2 मई 2026 को शाम 5 बजे तक 24 घंटे के ‘वाटर होल सर्वे’ के रूप में संचालित की जाएगी। गणना की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित स्टाफ की नियुक्ति कर दी गई है और उन्हें पूर्वाभ्यास भी कराया जा रहा है। साथ ही सभी कार्मिकों को विशेष तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे आंकड़ों का सटीक संकलन हो सके।

इस बार की गणना की सबसे खास बात महिला कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी है। पहली बार महिला स्टाफ के तीन विशेष दल गठित किए गए हैं, जो वैशाख पूर्णिमा की चांदनी रात और दिन की तेज गर्मी के बीच मचानों पर बैठकर वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे और उनकी गणना करेंगे। वन विभाग ने गणना के दौरान सुरक्षा, निगरानी और व्यवस्थाओं के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए हैं, ताकि स्टाफ और वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ यह महत्वपूर्ण कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story