अमेरिका-इज़राइल-ईरान युद्ध में नागौर के युवक की मौत, जहाज पर मिसाइल हमले में हादसा

WhatsApp Channel Join Now
अमेरिका-इज़राइल-ईरान युद्ध में नागौर के युवक की मौत, जहाज पर मिसाइल हमले में हादसा


अमेरिका-इज़राइल-ईरान युद्ध में नागौर के युवक की मौत, जहाज पर मिसाइल हमले में हादसा


जयपुर, 04 मार्च (हि.स.)। अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच जारी तनाव और युद्ध के बीच राजस्थान के नागौर जिले के एक युवक की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि इस संघर्ष में किसी भारतीय नागरिक की यह पहली मौत है। मृतक युवक क्रूड ऑयल कंपनी के एक शिप पर कार्यरत था।

एक मार्च की सुबह ओमान के खासब पोर्ट पर खड़े जहाज पर ईरान की ओर से दागी गई मिसाइल आ गिरी। हमले में शिप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हमले के समय दलीप जहाज के अगले हिस्से में पायलट आशीष कुमार के साथ मौजूद थे। आशीष कुमार बिहार के रहने वाले थे, जिनका शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दलीप का शव अब तक नहीं मिल सका है।

कंपनी के अनुसार हमले के दौरान अधिकांश क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन कैप्टन आशीष समेत दो अन्य सदस्य लापता हो गए थे। हमले के तीन दिन बाद बुधवार सुबह कंपनी ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की, जिनमें नागौर जिले के खींवताना निवासी दलीप सिंह भी शामिल हैं।

यह जहाज स्काईलाइट कंपनी का बताया जा रहा है। शिप कंपनी और सुरक्षा एजेंसियां लगातार तीन दिनों से शव की तलाश में जुटी हुई हैं।

परिजनों के अनुसार दलीप सिंह पुत्र कानसिंह ने 22 जनवरी 2026 को मर्चेंट नेवी में ड्यूटी जॉइन की थी। वे ऑयल/केमिकल टैंकर में क्रू मेंबर के रूप में कार्यरत थे। 28 फरवरी को उनकी परिवार से आखिरी बार बातचीत हुई थी। दलीप के साथ नागौर जिले के बामणा गांव निवासी सुनील कुमार भी कार्यरत थे। सुनील की ड्यूटी समाप्त होने के बाद दलीप उनकी शिफ्ट में पहुंचे थे।

घटना की सूचना मिलते ही गांव और जिले में शोक की लहर फैल गई। परिजन सरकार से शव को स्वदेश लाने और उचित सहायता की मांग कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story