माहे रमजान के अंतिम जुमे की नमाज अदा की

WhatsApp Channel Join Now
माहे रमजान के अंतिम जुमे की नमाज अदा की


जोधपुर, 13 मार्च (हि.स.)। बरकतों सआदतों के महीने रमजानुल मुबारक के चौथे और अंतिम जुमे की नमाज अदा करने शुक्रवार को बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे। तपिश व गर्मी के बावजूद सामूहिक नमाज अदा करने के दौरान सभी मस्जिदें रोजेदार अकीदतमंदों से खचाखच भरी नजर आई। अब शनिवार को शबे कद्र की 25वीं रात और 16 मार्च को 27वीं रात मनाई जाएगी। इन रात में मुस्लिम समाज के लोग मस्जिदों सहित घरों में गुनाहों से तौबा करेंगे।

रमजान-ए-करीम के चौथे जुमे को शहर की मस्जिदों में नमाजियों का हुजूम उमड़ पड़ा। प्रमुख मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजियों के आने को लेकर गर्मी से बचने सहित अनेक इंतजाम किए गए। मस्जिदों में नमाजियों के लिए अतिरिक्त पंखों, कूलरों और वुजू के लिए पानी का इंतजाम किया गया था।

मुस्लिम बहुल इलाकों में तडक़े सेहरी के समय से ही भीड़ नजर आई। नमाज के समय भी अकीदतमंद रोजेदारों में उत्साह नजर आया। जुमे के उपलक्ष्य में कई छोटे बच्चों ने रोजा रखा। रहमतों व बरकतों का पवित्र माह माहे रमजान का चौथा जुमा इबादत में गुजरा। मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए अकीदतमंद रोजेदारों में खासा उत्साह नजर आया। जालोरी गेट स्थित बड़ी ईदगाह, पांचवीं रोड ईदगाह, चीरघर, सोजती गेट, खेतानाडी, बंबा सहित विभिन्न कॉलोनियों की मस्जिदों में नमाज के लिए अकीदतमंद उमड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story